दरभंगा के अभय वर्मा ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में दर्ज की जीत, दिल्ली में पति-पत्नी करते हैं वकालत

दिल्ली की राजनीति में 25 वर्षों से जमे हुए हैं अभय वर्मा, जुड़े थे एबीवीपी से

नई दिल्ली में हुए विधानसभा चुनाव में लक्ष्मीनगर सीट से भाजपा प्रत्याशी अभय वर्मा ने जीत दर्ज की है। अभय दरभंगा के ही रहने वाले हैं। मंगलवार को उनकी जीत की खबर मिलते ही शहर के हराही दक्षिण स्थित उनके घर में खुशी की लहर दौड़ गयी। घर के लोग खुशी से फूले नहीं समा रहे हैं।

दरभंगा स्थित उनके घर पर मंगलवार को अभय वर्मा की 70 वर्षीया मां उर्मिला देवी, बड़े भाई मध्य विद्यालय दोमे (केवटी) के एचएम अजय वर्मा व छोटे भाई गंगिया हाईस्कूल (मुजफ्फरपुर) में शिक्षक अनुज वर्मा मिले। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग से सेवानिवृत्त स्व. बांके बिहारी वर्मा के मंझले पुत्र अभय वर्मा ने शकरपुर में रहते हुए दिल्ली विश्वविद्यालय लॉ फैकेल्टी से वर्ष 1996 में वकालत की शिक्षा पूर्ण की। इस दौरान वे सर्वश्रेष्ठ छात्रसंघ पुरस्कार से भी सम्मानित हुए।

वर्ष 2003 में दिल्ली बार काउंसिल के सबसे कम उम्र के प्रतिनिधि चुने गए तथा सचिव भी बनाए गए। 2009 में पिछले 50 वर्षों के बार काउंसिल के रिकॉर्ड को तोड़ते हुए सर्वाधिक मतों से विजयी हुए। 2007 में भारतीय जनता पार्टी लीगल सेल से जुड़े। वर्ष 2010 में दिल्ली भाजपा के पूर्वांचल मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष बनाए गए। वे चार बार प्रदेश अध्यक्ष भी रहे। अभी दिल्ली प्रदेश भाजपा के उपाध्यक्ष हैं।

परिवार के लोगों ने बताया कि 881 मतों से जीते श्री वर्मा लक्ष्मीनगर विधानसभा क्षेत्र को ही अपनी कर्मभूमि मानते हुए 25 वर्षों से लगातार सक्रिय हैं। वहां वे सभी सामाजिक, धार्मिक एवं राजनीतिक गतिविधियों में निरंतर सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। नवनिर्वाचित विधायक की मां उर्मिला देवी ने बताया कि विगत 25 वर्षों से मेरा बेटा दिल्ली और लक्ष्मीनगर की सेवा में लगा हुआ है। इसी का पुरस्कार लक्ष्मीनगर के लोगों ने मेरे बेटे को दिया है।

बधाइयों का लगा तांता : अभय वर्मा की जीत पर उन्हें बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। श्री वर्मा की जीत पर दरभंगा के सांसद गोपाल जी ठाकुर, नगर विधायक संजय सरावगी, जिला भाजपा अध्यक्ष जीवछ साहनी, विधान पार्षद डॉ. अर्जुन साहनी, पूर्व विधान पार्षद मिश्रीलाल यादव, भाजपा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष डॉ. धर्मशीला गुप्ता, संगीता साह, प्रदेश महामंत्री मीना झा, उपाध्यक्ष सुजीत मल्लिक, संजीव साह, जिला मीडिया प्रभारी मुकुंद चौधरी, अमलेश झा, भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष डॉ. आमोद कुमार झा ने बधाई दी है।

विषम परिस्थिति में दर्ज की जीत : डॉ. निर्भय: भाजयुमो जिलाध्यक्ष डॉ. निर्भय शंकर भारद्वाज ने मंगलवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए कहा कि जहां एक ओर दिल्ली विधानसभा चुनाव में हमारी स्थिति अच्छी नहीं रही वहीं दूसरी ओर दरभंगा के लाल डॉ. अभय वर्मा ने इस विषम परिस्थिति में लक्ष्मीनगर से अपनी जीत सुनिश्चित कर मिथिलांचल का परचम लहराया और साबित किया कि एक कुशल कार्यकर्ता जो सदैव जनता के बीच में रहता है निश्चित रूप से जनता उसे सर आंखों पर बिठाती है। यह हम सबों के लिए गौरव का विषय है और साथ ही नाज है हमें अपने मिट्टी के लाल पर।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *