अभी-अभी : बिहार सरकार ने आखिरकार कर लिया फैसला, सुशांत सिंह मामले में होगी CBI जांच
बिहार की नीतीश कुमार सरकार ने सुशांत प्रकरण की जांच CBI से कराने की सिफारिश कर दी है
New Delhi : बिहार सरकार ने सुशांत प्रकरण की जांच सीबीआई से कराने की अनुशंसा कर दी है। सुशांत के पिता केके सिंह ने आज सुबह नीतीश कुमार से बात कर उनसे सीबीआई जांच की अनुशंसा का अनुरोध किया था। लोक जनशक्ति पार्टी नेता चिराग पासवान ने भी आज मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से फोन पर बात की। सुशांत सिंह राजपूत मामले में सीबीआई जांच का अनुरोध किया। लगभग 10 मिनट तक उन्होंने मुख्यमंत्री से बात की। लंबी अवधि के बाद चिराग की मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से बातचीत हुई है। इस आशय का एक पत्र भी चिराग ने मुख्यमंत्री को लिखा है।

इससे पहले बिहार के डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय ने महाराष्ट्र पुलिस पर गंभीर आरोप लगाये हैं। उन्होंने कहा है कि मुम्बई पुलिस ने बिहार पुलिस के साथ सारे काम्युनिकेशन बंद कर लिये हैं। आईपीएस बिनय तिवारी को जबरिया होम क्वारैंटाइन करने के बाद से सारे काम्युनिकेशन बंद किये गये हैं।

बिहार के डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय ने चार अगस्त की सुबह समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुये कहा- महाराष्ट्र पुलिस ने सारे काम्युनिकेशन बंद कर लिये हैं। साफ है सबकुछ ठीक नहीं है। महाराष्ट्र पुलिस को बताना चाहिये कि सुशांत केस में पिछले 50 दिनों में क्या किया गया है। महाराष्ट्र पुलिस का रवैया बता रहा है कि कुछ न कुछ गलत हो रहा है।