पुलिस-प्रशासन की लापरवाही से हुआ मधुबनी नरसंहार, पीड़ितों को हर हाल में न्याय दिलाएंगे : तेजस्वी

थाना क्षेत्र के महम्मदपुर में विगत 29 मार्च को होली के दिन दिनदहाड़े हुई गोलीबारी व सामूहिक हत्याकांड के पीड़ित परिवारों का हाल जानने के लिए बिहार विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता व पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव मंगलवार को दोपहर करीब 2.30 बजे महम्मदपुर स्थित पीड़ित सुरेंद्र सिंह के घर पहुंचे। उन्हाेंने करीब एक घंटे तक पीड़ित परिवारों के घरों पर समय व्यतीत किया अाैर परिजनों से पूरी जानकारी प्राप्त की और उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया। उन्होंने रुद्र नारायण सिंह के घर जाकर भी पीड़ित परिजनों से बातचीत की। पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि पूरा पीड़ित परिवार सदमा में है। हत्यारों का मृतकों के साथ पूर्व से ही विवाद चल रहा था। इसमें भी पुलिस-प्रशासन के द्वारा घोर लापरवाही बरती गई और नरसंहार हुआ।

हमलोगों को पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने के लिए जो भी करना पड़ेगा वह करेंगे। मधुबनी के एसपी व डीएसपी को यहां से हटाए जाने की जरूरत है। मुख्य आरोपी प्रवीण झा की डीएसपी के साथ फोटो निष्पक्ष जांच पर सवाल खड़ा कर रहा है। वहीं, बेनीपट्टी डीएसपी अरुण कुमार ने कहा कि अाराेप निराधार हैं। इस दौरान उनके साथ राजद के जिलाध्यक्ष व लौकहा के विधायक भारत भूषण मंडल, विधायक समीर कुमार महासेठ, रणविजय साहू, ललित यादव, एमएलसी सुनील कुमार सिंह, लवली आनंद, सुरेंद्र प्रसाद यादव, पूर्व विधायक सीताराम यादव, उमाकांत यादव, राम अवतार पासवान, डॉ. फैयाज अहमद, ऋतु जायसवाल, रामबहादुर यादव, जिला प्रवक्ता इंद्रजीत राय, देवनारायण यादव, संतोष यादव, धनवीर यादव, राजकुमार यादव, रामानंद बरनैता, लखन पटेल आदि मौजूद थे।

10 आरोपियों की संपत्ति को कुर्क करने का न्यायालय से मिला है आदेश : एसपी
बेनीपट्टी/मधुबनी| महम्मदपुर हत्याकांड की समीक्षा एसपी डॉ. सत्यप्रकाश ने सोमवार की रात बेनीपट्टी थाने पर की। इस दौरान एसपी ने बताया कि जिन 10 आरोपियों के घरों पर कुर्की-जब्ती की कार्रवाई करने का आदेश कोर्ट से प्राप्त हुआ था, उसमें दो आरोपियों के घरों पर कुर्की-जब्ती की कार्रवाई हो गई है। वहीं, सोमवार की रात वे मोहम्मदपुर पहुंचे और विवादित तालाब का निरीक्षण किया।

खजाैली में सीएम का पुतला फूंका, विराेध में नारेबाजी की
खजौली|खजौली प्रखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय समाज ने मंगती चौक पर नरसंहार के मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के साथ उचित मुआवजा देने की मांग करते हुए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और विधायक विनोद नारायण झा का पुतला दहन किया। नेतृत्व सोनू कुमार सिंह चौहान ने किया।

भूख हड़ताल पर बैठे परिजन, मांगें पूरी नहीं होने पर करेंगे आत्मदाह
बेनीपट्टी|थाना क्षेत्र के महम्मदपुर नरसंहार में पीड़ित पांचों परिवार ने मंगलवार की रात से अगले चार दिनों के लिए अपनी मांगों के समर्थन में भूख हड़ताल शुरू कर दी है। अनशनकारियों की मांगों में सामूहिक नरसंहार के मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार करना, अनाथ हुए बच्चे-बच्चियों के भविष्य की सुरक्षा का ठोस प्रबंध करना, पांचों मृतकों के परिवारों को सरकारी नौकरी देना और घटना की जांच सीबीआई से कराना आदि शामिल हैं। पीड़ित परिवारों के अनशनकारियों का कहना है कि आज से अगले चार दिनों तक वो लोग भूख हड़ताल पर बैठे रहेंगे। इन चार दिनों में भी यदि उनलोगों की मांगें पूरी नहीं हुई तो बाध्य होकर वो लोग मुख्यमंत्री के समक्ष जाकर आत्मदाह कर लेंगे।

बिहार में कानून व्यवस्था नाम की काेई चीज नहीं है, जातीय रंग देने की हो रही है कोशिश
बेनीपट्टी|महम्मदपुर गांव की गोलीबारी व हत्याकांड की घटना जघन्य है। कुछ लोग इस घटना को जातीय रंग देने की कोशिश कर रहे हैं लेकिन यह बात सच्चाई से परे है। घटनास्थल पर आने के बाद पता चला है कि बिहार में कानून का कोई राज नहीं रह गया है। ये बातें मंगलवार को महम्मदपुर के पीड़ित परिवारों से मिलने के बाद बेनीपट्टी के इंदिरा चौक के समीप स्थित कांग्रेस कार्यालय में पत्रकारों को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री प्रो. अवधेश कुमार सिंह ने कही।

बेनीपट्टी|थाना क्षेत्र के महम्मदपुर गांव में होली के दिन गोलीबारी की घटना को अंजाम देकर एक ही परिवार के पांच लोगों को मौत की नींद सुलाने वाले इसी थाना क्षेत्र के पौआम गांव के निवासी व इस कांड के नामजद अभियुक्त भोला सिंह के घर पर मंगलवार को पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की। कुर्की-जब्ती की कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 60 प्रकार के सामान को जब्त किया है। पुलिस ने पलंग, कुर्सी, टेबल, फ्रिज, खिड़की, चौखट, अनाज, बर्तन, कपड़ा, अटैची, पंखा सहित घर के सभी सामान को जब्त कर लिया। कार्रवाई में पुलिस के द्वारा ट्रैक्टर और कटर मशीन का प्रयोग किया गया।

अगर आप हमारी आर्थिक मदद करना चाहते हैं तो आप हमें 8292560971 पर गुगल पे या पेटीएम कर सकते हैं…. डेली बिहार न्यूज फेसबुक ग्रुप को ज्वाइन करने के लिए लिंक पर क्लिक करें….DAILY BIHAR

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *