मंत्री ने सरकारी टेंडर में 1 % मांगा अपना हिस्सा, कॉल रिकार्डिंग के बाद CM ने गिरफ्तार करवाया

अभी कुछ दिन पहले तो मंत्री बने थे। अब ना सिर्फ बर्खास्त हो गए हैं ​बल्कि उन्हें गिरफ्तार भी कर लिया गया है। उनपर आरोप है कि हैल्थ मिनिस्टर रहते उन्होंने सरकारी टेंडर में एक प्रतिशत अपना हिस्सा अर्थात घूस मांगा था। फिर होना क्या था। सीएम तक बात पहुंच गई। मुख्यमंत्री एक्शन मोड में नजर आए। आनन फानन में मंत्री को गिरफ्तार कर लिया गया।

भ्रष्टाचार के मामले में जीरो टॉलरेंस की मिसाल कायम करते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अपने ही मंत्री को जेल भिजवा दिया। स्वास्थ्य विभाग के टेंडर्स में 2% कमीशन लेने के आरोप सही मिलने पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. विजय सिंगला को कैबिनेट से भी बर्खास्त कर दिया। उनके ओएसडी प्रदीप कुमार को भी इन्हीं धाराओं में गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया। मान को शिकायत मिली थी कि स्वास्थ्य विभाग के हर काम और टेंडर के बदले सिंगला कमीशन मांगते हैं। उन्होंने टीम से जांच करवाई। तथ्य सही पाए गए तो तत्काल कार्रवाई कर दी। पंजाब में पहली बार किसी मुख्यमंत्री ने अपने ही मंत्री को भ्रष्टाचार के मामले में न सिर्फ बर्खास्त किया है, बल्कि गिरफ्तार भी करवाया। मान ने कहा कि डॉ. सिंगला ने गुनाह कबूल लिया है। सिंगला कुल 66 दिन मंत्री रहे। इस दौरान बनाई संपत्ति की जांच भी शुरू कर दी गई है।

1 नहीं 2 फीसदी मांगा था कमीशन: एसई राजिंदर सिंह की शिकायत पर थाने में सिंगला के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। इसमें बताया गया कि 58 करोड़ के निर्माण कार्य के अलॉटमेंट के बदले सिंगला ने 2% के हिसाब से 1.16 करोड़ रुपए मांगे। बकौल राजिंदर, एक महीने पहले मंत्री ने उन्हें बुलाया था। मंत्री ने कहा था, मुझे कहीं जाना है। ओएसडी प्रदीप कुमार जो कहे, वही करे। 8 मई से प्रदीप लगातार कॉल कर रहे थे। 20 मई को फिर 10 लाख मांगे। राजिंदर 30 नवंबर को रिटायर होने वाले हैं। इसलिए उन्होंने घूस देने से मना कर दिया। हालांकि उन्होंने 5 लाख रुपए देने की बात मान ली और सीएम को शिकायत कर दी।

लेनदेन की रिकॉर्डिंग में मंत्री सिंगला भतीजे के जरिए शुकराना (घूस) मांगते सुनाई दे रहे हैं। मुख्यमंत्री मान ने रिकाॅर्डिंग सिंगला को सुनाई और जवाब मांगा। सिंगला ने तर्क देने की कोशिश की तो मान ने कहा, ‘मुझे सिर्फ हां या न में जवाब दें।’ इस पर सिंगला ने कहा, ‘आवाज मेरी है…।’ इतना सुनते ही मान बोले- ‘मुझे करप्शन बर्दाश्त नहीं है।’

डेली बिहार न्यूज फेसबुक ग्रुप को ज्वाइन करने के लिए लिंक पर क्लिक करें….DAILY BIHAR  आप हमे फ़ेसबुकट्विटरइंस्टाग्राम और WhattsupYOUTUBE पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *