पटना के कंकड़बाग में लगा अरुण जेटली की प्रतिमा, जयंती पर आज CM नीतीश करेंगे उद्घाटन

अरुण जेटली की 67वीं जयंती, पूरा देश दे रहा है श्रद्धांजलि, पटना और दिल्ली में होंगे कार्यक्रम

नई दिल्ली/पटना: भारत के पूर्व वित्त मंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता स्वर्गीय अरुण जेटली की आज 67वीं जयंती है। इस मौके पर आज पूरा देश उनको श्रद्धांजली दे रहा है। दिल्ली में आज उपराष्ट्रपति उनके जीवन पर लिखी किताब का विमोचन करेंगे तो वहीं पटना में अरुण जेटली की प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा। उनके निधन के चार महीने बाद आज उनकी जयंती है। पूरा देश उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित कर रहा है। 

आज बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार वह वादा पूरा करने जा रहे हैं जो उन्होंने अरुण जेटली को अलविदा कहते समय किया था। अरुण जेटली और नीतीश कुमार, एक दूसरे के बेहद करीब थे। दोनों के बीच का रिश्ता राजनीति से कहीं आगे बढ़कर था। इसीलिए आज पटना में अरुण जेटली की जयंती के मौके पर विशेष कार्यक्रम रखा गया है। यहां अरुण जेटली की प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा। 

अरुण जेटली की यह प्रतिमा पटना के कंकड़बाग में लगाई गई है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इस प्रतिमा का अनावरण करेंगे। इस मौके पर जेटली के परिवार के सदस्य भी मौजूद रहेंगे। वहीं, इसके दूसरी ओर राजधानी दिल्ली में भी अरुण जेटली की जयंती के मौके पर एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। आज दिल्ली में उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू अरुण जेटली के जीवन पर लिखी किताब का विमोचन करेंगे।

इस किताब का टाइटल “The Renaissance Man: The Many Facets of Arun Jaitley” है। किताब के विमोचन के मौके पर लोकसभा के स्पीकर ओम बिरला भी मौजूद रहेंगे। बता दें कि अरुण जेटली का जन्म 28 दिसंबर 1952 को हुआ था। उन्होंने अपना राजनीति सफर विद्यार्थी जीवन से शुरू किया और आखिरी सांस तक वो भारतीय राजनीति को दिशा देते रहे। चार महीने पहले 24 अगस्त को उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया था।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *