महराष्ट्र की तरह बिहार में भी रातों-रात बदल गयी थी सरकार, लालू को छोड़ ‘पलटी’ मार गए थे नीतीश कुमार

महाराष्ट्र में बनी BJP-NCP की सरकार, बिहार में पक्ष-विपक्ष में चल रही सियासी बयानबाजी

महाराष्ट्र में रातों-रात बड़ा फेरबदल दिखा और सुबह-सुबह भाजपा और एनसीपी के गठबंधन की सरकार बन गई। इसके बाद बिहार में भी राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। जानिए किसने क्या कहा है…..

महाराष्ट्र में रातों-रात सियासी समीकरण पटल गया और भाजपा ने एनसीपी के साथ मिलकर सरकार बना ली। शनिवार की अहले सुबह एक बार फिर देवेंद्र फडणवीस (Devendra Fadnavis) ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली। इस खबर ने सबको अचंभित कर दिया कि रातोंरात एेसा कैसे हो गया? लेकिन, कहते हैं ना कि राजनीति में कुछ भी हो सकता है।

महाराष्ट्र में BJP-NCP सरकार बनने पर आज दो बजे बिहार के भाजपा प्रदेश कार्यालय में जश्न मनाया जाएगा। बिहार के उपमुख्यमंत्री सह भाजपा नेता सुशील कुमार मोदी के साथ ही कई वरिष्ठ नेता जश्न में मौजूद रहेंगे।

भाजपा और एनसीपी की सरकार बनने के बाद शनिवार को देवेंद्र फडणवीस और एनसीपी के अजित पवार को राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी (Governor Bhagat Singh Koshyari) ने राजभवन में पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।

इसके बाद बिहार में भी राजनीतिक माहौल गरमा गया है। एक तरफ जहां नए सरकार के गठन पर NDA नेताओं ने ट्वीट कर बधाई दी है तो दूसरी ओर विपक्ष पर तंज भी कसा है तो वहीं विपक्षी नेताओं ने भी इसका जवाब दिया है।

महाराष्ट्र में सरकार बनाने को लेकर भारतीय जनता पार्टी के फायरब्रांड नेता और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने ट्वीट कर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने शिवसेना पर तंज कसते हुए का कि ज्यादा लोग और अहंकार नाश का कारण होता है। उन्होंने साथ ही ये भी लिखा है कि ‘देख तमाशा देख’

इससे पहले बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी और फडणवीस सरकार को बधाई देते हुए कहा कि शरद पवार नीतीश कुमार की तरह हैं। वो जानते हैं कांग्रेस से ज्यादा भरोसेमंद BJP है।वहीं शिवसेना राजद की तरह है, शिवसेना और राजद के साथ चलना मुश्किल है।

उपेंद्र कुशवाहा का तंज-जेल जाने से बचना है तो घुटने टेकने होंगे

रालोसपा नेता उपेंद्र कुशवाहा ने ट्वीट कर एनडीए पर तंज कसा और लिखा कि, ”भ्रष्टाचार के डर से जेल जाने से बचना है तो भाजपा के आगे घुटने टेकने होंगे। महाराष्ट्र में रातोंरात बैठक हुई, सहमति बनी, निर्णय हुआ, महामहिम से समय मांगा, समय मिला, सरकार बनाने का दावा पेश हुआ, राष्ट्रपति शासन हटाने की प्रक्रिया भी हुई, महामहिम राज्यपाल ने आमंत्रित किया और अहले सुबह शपथ ग्रहण हो गया। वाह! क्या सर्जिकल स्ट्राइक हुआ है लोकतंत्र पर।”

जीतनराम मांझी ने दिया एनडीए को जवाब, लगाया ये आरोप

उधर बिहार में विरोधी दल के नेता और हम के राष्ट्रीय अध्यक्ष जीतन राम मांझी ने ट्वीट कर जवाब दिया है और आज के दिन को लोकतंत्र के इतिहास में काला दिन करार दिया है।

उन्होंने गृहमंत्री अमित शाह को टैग करते हुए लिखा है कि कल तक तो NCP आपको आतंकियों की मददगार लगती थी आज उसी के साथ आपने सरकार बना लिया। मांझी ने आगे लिखा कि वह दिन दूर नहीं जब बिहार में भी BJP ऐसा ही कुछ करे।

बता दें कि फिर से महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के बाद देवेंद्र फडणवीस ने कहा, ‘लोगों ने हमें स्पष्ट बहुमत दिया था, लेकिन शिवसेना ने नतीजे आने के बाद दूसरी पार्टियों का दामन थाम लिया। इस कारण राज्य में राष्ट्रपति शासन लगा दिया गया। महाराष्ट्र को स्थिर सरकार की जरूरत है, खिचड़ी सरकार की नहीं।’

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *