BJP ने भोजपुरी गाने से दिया ‘बिहार में का बा’ का जवाब, बोली- ‘इहवां ई बा’

बिहार में ‘का बा’ का जवाब बीजेपी ने ‘ई बा’ से दिया, वीडियो जारी

बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी ने विपक्ष के सवाल ‘का बा’ को लेकर भोजपुरी सांग बिहार में ‘ई बा’ से जवाब दिया है। भाजपा ने बिहार में ई बा के जरिये एनडीए सरकार की ओर से किए गए विकास कार्यों से अवगत कराया है।

भोजपुरी में तैयार इस वीडियो में कहा गया है- एनडीए के राज में बदलल बिहार बा। वीडियो के माध्यम से पार्टी ने बताया है कि एनडीए सरकार ने बिहार में क्या-क्या किया है। इसके लिए ढाई दर्जन वीडियो बनाए गए हैं। मंगलवार को इस वीडियो को सोशल साइट्स फेसबुक, ट्विटर, यू-ट्यूब, वाट्सअप ग्रुप पर एक साथ लांच किया गया।

आपको बता दें कि पिछले दिनों विपक्षी दल ने शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर एक पोस्टर लगाया था। उसमें मात्र एक वाक्य लिखा था, ‘बिहार में का बा।’ पोस्टर में सरकार को कठघरे में खड़ा करने वाली कुछ तस्वीरें भी थीं। उसी पोस्टर के बाद भाजपा ने इसका जवाब देने का निर्णय लिया। वीडियो बनाने के लिए बिहार भाजपा कई दिनों से इस पर काम कर रही थी। अब वीडियो को लांच किया गया है।

रुक, बताव तानी का बा : भाजपा की ओर से जारी होने वाले कई वीडियो में से एक की शुरुआत बिहार में का बा से होती है। इसके बाद एक आवाज आती है ‘रुक बताव तानी का बा’। फिर एक गायक गीत-संगीत के साथ ही शुरू होता है कि बिहार में क्या-क्या काम हुआ है। गायक ने ‘एनडीए के राज में बदलल आपन ई बिहार हो’ से गाने की शुरुआत करता है। इसके बाद गायक ने आईआईटी, स्कूल-कॉलेज, सड़क, बिजली, पानी से लेकर आधारभूत संरचना के क्षेत्र में हुए कार्यों को गाने में बताया है। अच्छी सड़कें, अस्पतालों में मुफ्त मिल रही दवाई, कानून का राज, अमन-चैन, शिक्षा में हुए कामों के साथ ही बिहारियों की मेहनत से तैयार आलीशान भवनों का भी जिक्र वीडियो में किया गया है।

डिजिटल प्लेटफॉर्म पर होगा वीडियो : बिहार भाजपा के नेताओं के अनुसार पार्टी के 1 लाख से अधिक वाट्सअप ग्रुप हैं। पार्टी के अधिकृत फेसबुक पर 4 लाख तो ट्विटर पर 1.79 लाख से अधिक लोग जुड़े हैं। बिहार भाजपा के 72 हजार 723 बूथ, 9547 शक्ति केंद्र, 1100 मंडल स्तरीय इकाई और 45 जिला संगठन है। पार्टी के सभी सोशल एकाउंट, प्रदेश से लेकर निचले स्तर तक के सभी नेताओं के मोबाइल तक इस वीडियो को भेजे जाने की तैयारी शुरू हो गई है, ताकि अधिक से अधिक लोग इसे देख-सुन सकें।

विपक्ष का जवाब देंगे : भाजपा आईटी सेल के प्रदेश संयोजक मनन कृष्ण कहते हैं कि एक वीडियो सबसे बड़ा है। यह लगभग तीन-चार मिनट का है। बाकी दो दर्जन से अधिक वीडियो तैयार किए गए हैं। इसे डेढ़-दो मिनट का रखा गया है। चुनाव में विपक्ष को जवाब देने के लिए यह वीडियो तैयार किया गया है। इसे हर आम-ओ-खास तक पहुंचाने की तैयारी है। विपक्ष ने का बा पूछा है। वीडियो के माध्यम से भाजपा एक ओर विपक्ष को ई बा के तौर पर जवाब देगी तो दूसरी ओर आम लोगों को सचेत करेगी कि बिहार में एनडीए सरकार ने क्या-क्या काम किया है।

नेहा राठौड़ का ‘बिहार में का बा’ गाना भी है वायरल : सबसे पहले अभिनेता मनोज वाजपेयी ने ‘बम्बई में का बा’ का एक रैप सांग आधारित वीडियो बनाया था। कोरोना काल में तैयार इस गाने को अब तक 10 लाख से अधिक लोगों ने देखा-सुना है। इसी की तर्ज पर बिहार की गायिका नेहा सिंह राठौड़ ने एक रैप सांग तैयार किया जिसमें बिहार में का बा कहते हुए यहां की व्यवस्थाओं पर तंज कसा गया है। नेहा ने अपने गाने में पिछले 30 वर्षों के राजकाज पर तंज कसा है। नेहा के इस वीडियो को अब तक छह लाख से अधिक लोग यू-ट्यूब पर देख चुके हैं। इसी वीडियो की तर्ज पर विपक्ष ने सरकार से पोस्टर लगाकर पूछा था कि बिहार में का बा जिसका जवाब भाजपा ई बा के रूप में दे रही है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *