बिहार में मौसम का कहर, बर्फीली हवाओं से बढ़ी कनकनी, पटना का न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री

PATNA- बर्फीली हवाओं से बिहार में कनकनी बढ़ी, तापमान सात डिग्री तक गिरा, यहां तापमान में आया भारी अंतर, इन बीस जगहों पर पारा 10 डिग्री से नीचे, ऐसा रहा प्रमुख शहरों का अधिकतम पारा, दिसंबर ने कंपाया था लोगों को : पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी से ठंडक लिये मैदानी इलाकों तक पहुंची उत्तरी-पश्चिमी हवाओं ने बिहार में कंपकंपी ला दी है। पिछले 24 घंटों में मौसम के इस बदलाव से राज्य के कई शहरों का न्यूनतम पारा सात डिग्री तक गिरा है।

सूबे के 20 शहरों का न्यूनतम पारा दस डिग्री से भी नीचे आ गया। उत्तर और दक्षिण बिहार, कोसी क्षेत्र के सभी प्रमुख शहरों के अधिकतम तापमान में भी भारी कमी की वजह से दिन में भी कनकनी रही। पटना में न्यूनतम पारे में पिछले 24 घंटों में 6.6 डिग्री तक की गिरावट आई और रविवार इस सीजन का सबसे ठंडा दिन हो गया। राजधानी का न्यूनतम पारा 7.6 डिग्री पर आ गया। गया राज्य में सबसे ठंडा रहा। वहां न्यूनतम पारा 5.3 डिग्री तक आ गया।

भागलपुर, पूर्णिया में भी न्यूनतम तापमान दस डिग्री से नीचे आ गया है। मुजफ्फरपुर में न्यूनतम तापमान दस डिग्री दर्ज किया गया। पटना में दिन में भी तेज हवाओं का असर रहा और अधिकतम तापमान में चार डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। धूप निकली लेकिन हवा में कनकनी की वजह से उसका कोई खास असर नहीं रहा। मौसम के बदले तेवर का असर लोगों की दिनचर्या पर पड़ा है। सुबह देर तक लोग रजाई में अलसाये रहे, जबकि शाम ढलते ही सड़कों पर सन्नाटा छा गया। रविवार को अक्सर घूमने और शॉपिंग के लिए जाने वालों ने बाहर निकलने से परहेज किया।

बर्फीली हवाओं की वजह से न्यूनतम पारे में असामान्य अंतर आया है। पटना में पिछले 24 घंटों में 6.6 डिग्री, गया में 6.7 डिग्री, नवादा में 5.1 डिग्री, औरंगाबाद में 7.5 डिग्री, बक्सर में 5.1 डिग्री, गोपालगंज में 4.8 डिग्री, सारण में 3.8 डिग्री, मुजफ्फरपुर में 5.2 डिग्री, दरभंगा में 3.8 डिग्री, पूसा में 2.2 डिग्री, सीतामढ़ी में 3.8 डिग्री, सुपौल में 3.2 डिग्री, भागलपुर 3.5 डिग्री, सबौर में 2.8 डिग्री, शेखपुरा में 3.6 डिग्री, कटिहार में 0.4 डिग्री, सहरसा में 2 डिग्री तक पारे में गिरावट दर्ज की गई।

पटना में 7.6 डिग्री, गया में 5.3 डिग्री, भागलपुर में 9.3, पूर्णिया में 9.8 डिग्री, पश्चिमी चंपारण में 7.5 डिग्री, पूर्वी चंपारण में 8.5 डिग्री, शेखपुरा में 9.3 डिग्री, गोपालगंज में 7.3 डिग्री, बक्सर में 9.2 डिग्री, सीतामढ़ी में 7.5 डिग्री, औरंगाबाद में 6.7 डिग्री, बेगूसराय 9.6 डिग्री, खगड़िया में 9.3 डिग्री, बांका में 9.6 डिग्री, नवादा में 6.8 डिग्री, नालंदा में 8.3 डिग्री, सीवान के जीरादेई में 6 डिग्री, समस्तीपुर में 7.3 डिग्री, समस्तीपुर के पूसा में 7.3, सहरसा के अगवानपुर में 9.1 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम पारा दर्ज किया गया।

सभी प्रमुख शहरों के अधिकतम तापमान में भारी गिरावट आई है। पटना का अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री नीचे 20.6 डिग्री, गया में 20.1 डिग्री, भागलपुर 21.1 डिग्री, पूर्णिया 21.4 डिग्री दर्ज किया गया। पारे में आई गिरावट से लोग दिनभर असहज रहे। मौसमविदों के मुताबिक अगले 24 घंटों में तापमान के और भी नीचे आने के आसार हैं। हालांकि तापमान में अब अगले एक-दो दिनों में आंशिक गिरावट के आसार हैं।

पिछले कुछ सालों में दिसंबर में पारा इससे भी नीचे आ चुका है। मौसमविदों के मुताबिक पिछले कुछ दिनों से वातावरणीय परिस्थितियों की वजह से उतार-चढ़ाव हो रहा था लेकिन अब पारा गिरने की स्थितियां बन रहीं हैं। पटना में इससे पहले 28 दिसंबर को 2019 में पारा 4.8 डिग्री पर आया था। 28 दिसंबर 2018 को न्यूनतम पारा 6.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गया में दिसंबर महीने में 2.4 डिग्री तक न्यूनतम पारा आ चुका है। 30 दिसंबर 2018 को तापमान 2.7 डिग्री सेल्सियस रहा था।

डेली बिहार न्यूज फेसबुक ग्रुप को ज्वाइन करने के लिए लिंक पर क्लिक करें….DAILY BIHAR  आप हमे फ़ेसबुकट्विटरइंस्टाग्राम और WHATTSUP, YOUTUBE पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं 

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *