बिहार पुलिस का कारनामा, कृष्ण कुमार ने की छेड़खानी, निर्दोष 55 साल के कृष्ण सहनी को भेजा जेल

15 माह से बिना कसूर सहनी जेल में, परिवार के सामने खाने के लाले

पटना पुलिस का एक और कारनामा सामने आया है। एक बार फिर पुलिस ने बिना जांच किए निर्दोष को जेल भेज दिया। पत्रकार नगर थाने की पुलिस की वजह से 55 साल का मजदूर कृष्ण सहनी पिछले डेढ़ साल से जेल में हैं। पुलिस ने 1 जून 2018 को योगीपुर से गिरफ्तार कर कृष्ण सहनी को जेल भेजा था। पुलिस को छेड़खानी और छिनतई के एक मामले में योगीपुर के ही कृष्ण कुमार की तलाश थी। पुलिस कई दिनों से कृष्ण कुमार को तलाश रही थी। इसी बीच वह बिना जांच किए योगीपुर के ही कृष्ण सहनी को जेल भेज कार्रवाई पूरी कर दी। इधर एसएसपी गरिमा मलिक ने कहा कि मामले की जानकारी हुई है। सिटी एसपी पूर्वी को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।

मामला 15 जनवरी 2006 का है। सिद्धार्थ नाम के व्यक्ति ने पत्रकार नगर थाने में कृष्ण कुमार और मुन्ना साह पर एफआईआर कराई थी। सिद्धार्थ ने आरोप लगाया था कि उनकी बहन गेहूं पिसवाने के लिए एक आटा चक्की पर गई थी। वहां पहले से कुछ महिलाएं मौजूद थीं। तभी शराब के नशे में मुन्ना साह और कृष्ण कुमार पहुंचे और महिलाओं के साथ अभद्रता से पेश आने लगे। जब सिद्धार्थ की बहन ने शोर मचाया तो दोनों उसका पर्स लेकर भागने लगे लेकिन स्थानीय लोगों ने उन्हें पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। इसके बाद दोनों को जेल भेज दिया गया। बाद में जमानत पर रिहा हुए। बेल टूटने की वजह से पुलिस 2018 में कृष्ण कुमार को तलाश रही थी।

मजदूरी कर परिवार चलाते थे कृष्ण सहनी : अाराेपी कृष्ण कुमार की उम्र लगभग 32 साल है और पिता का नाम रामचंद्र सहनी है। वह पहले योगीपुर में ही रहता था लेकिन जेल से बाहर आने के बाद से वहां नहीं रहता है। वहीं कृष्ण सहनी की उम्र 55 साल है और उनके पिता का नाम रामा महतो है। कृष्ण सहनी के भतीजा श्रवण कुमार बाेले-वे मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। अब उनकी पत्नी को खाने के भी लाले पड़ गए हैं।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *