रवि शंकर प्रसाद का बड़ा बयान, कहा- बिहार सरकार की ‘गलती’ से पटना में आया भीषण बाढ़

बिहार में बाढ़, जलजमाव की स्थिति को लेकर केंद्र और बिहार सरकार में भाजपा कोटे के मंत्री आमने-सामने हो गए हैं। मंगलवार को रविशंकर प्रसाद ने पटना में नालाें की उड़ाही पर सवाल उठाया तो गिरिराज ने सरकारी कुव्यवस्था पर। नगर विकास मंत्री सुरेश शर्मा भाजपा के ही हैं। उन्होंने दोनों का जवाब दिया।

केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा कि जनता परेशान है। मुझे लगता है पटना में नालों की उड़ाही और ठीक से होनी चाहिए थी। ऐसा होता तो इतनी ज्यादा दिक्कत शायद ही होती। केंद्र की सरकार संकट की इस घड़ी में बिहार के लोगों के साथ है। प्रधानमंत्री ने भी हर संभव मदद का भरोसा दिया है। हमलोगों की पहल पर वायुसेना के दो हेलीकॉप्टर आए हैं। एयर ड्रॉपिंग शुरू है। कोल इंडिया ने शहर से पानी निकालने के लिए बड़े पंप भेजे हैं। पानी निकलना शुरू हो गया है।

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि यह प्राकृतिक आपदा नहीं है। राज्य सरकार की कुव्यवस्था का परिणाम है। प्रशासन के लिए बाढ़ उत्सव और चारागाह बन जाता है। राहत सामग्री की खरीद में लूट-खसोट होती है। सामग्री कागज पर कुछ होती है, हकीकत में कुछ और ही दिखती है। राहत वितरण में पूरी तरह गड़बड़ ही लग रहा है। बलिया में मैंने देखा कि स्वास्थ्य कैंप में लोगों के लिए दवा नहीं हैं। लेकिन, प्रशासन की रिपोर्ट में सबकुछ सामान्य है।

बिहार के नगर विकास मंत्री सुरेश शर्मा ने कहा कि संकट के समय लोग गलत बयानबाजी कर रहे हैं। मैंने खुद देखा है कि नाले की उड़ाही हुई थी। राजेंद्र नगर समेत कई जगहों पर पानी लगा हुआ है। पानी निकालने के लिए 300-300 एचपी के पंप लगाए गए हैं। 39 पंप हाउस हैं। एक-दो को छोड़ सब ठीक हैं। बड़ी दिक्कत है कि पुनपुन का जलस्तर बढ़ा हुआ है। शहर से बाहर जितना पानी जाना चाहिए उतना नहीं निकल पा रहा है। बड़ी मशीनों से बुधवार से राहत मिलेगी।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *