पानी में डूबा है पूरा बिहार, BPSC की परीक्षा देने पटना कैसे पहुंचेंगे लोग, डेट बदलने पर हो विचार

सेवा में, चेयरमैन, BPSC, विषय- बाढ़ और हथिया के जमे हुए पानी के कारण BPSC की प्रारंभिक परीक्षा में बदलाव पर विचार हेतु। थोड़ा अजीब है। परीक्षा की तारीख में बदलाव करने का अनुरोध। एक ओर जहां समय से परीक्षा कराने का अनुरोध किया जाता है। मांग की जाती है। धरना दिया जाता है।आक्रोश व्यक्त किया जाता है। मगर इस बार परीक्षा की तारीख में बदलाव की बात हो रही है। तारीख़ पर विचार कर उसे आगे बढ़ाने की बात करना बिहार के संदर्भ में अच्छा नहीं लग सकता है। बहरहाल, थोड़ा अटपटा लग सकता है। असहज कर सकता है। मगर, क्या किया जाए। सच से हमें भी डर लगता है। आप तो सरकार है। सरकार और सरकार एक दूसरे से डरती है। अच्छा है। डर का संतुलन इसी तरह बना रहे। फिलहाल, मामला यह है कि बिहार के अलग अलग इलाकों में बाढ़ और हथिया का पानी जमा है।

पटना के भी लगभग आधे हिस्से में पानी जमा है। इसी दरमियान बिहार लोक सेवा आयोग की 65वीं प्रारंभिक परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड जारी हो गए हैं और परीक्षा 15 अक्टूबर को 2019 सुनिश्चित की गयी है। अनुमानतः इस परीक्षा में चार लाख साढ़े ग्यारह हज़ार परीक्षार्थी शामिल होंगे। राज्य के अलग इलाक़ों में कुल 718 केंद्र बनाये गए हैं। परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र खोजने और वहां तक पहुँचने में कठिनाई होगी। बाढ़ और हथिया ने रास्तों को ध्वस्त कर दिया है। लोगों के जान-माल का भारी नुकसान हुआ है। एक परीक्षार्थी एक नागरिक होता है।पड़ोसी होता है। रिश्तेदार होता है। बाप,भाई,बहन,मां के तौर पर उसके पास कई तरह की जिम्मेदारी भी होती है।वह अलग अलग आर्थिक और सामाजिक चुनौतियों को एक साथ सामना करना होता है।

कोई खाता-पिता-अधाता-डकरता वर्ग से होता है। कोई बहुत कमजोर आर्थिक और सामाजिक वर्ग से होता है। दोनों की चुनौतियां और जिम्मेदारियां भी अलग अलग होती है। इन जिम्मेदारियों और चुनौतियों के साथ वह उम्मीद के साथ परीक्षार्थी होता है। वह अपने तमाम जिम्मेदारियों से जूझता है। वह नहीं चाहता कि उसका अवसर ऐसे ही चला जाए। आज सवेरे देसिला गाय गोबर युक्त पानी हेलते हुए दो जोंक पैर में पकड़ लिया था। उसे निकाला। काफी खून निकला और अब दरद हो रहा है। आप यदि इस पर विचार कर सकते हैं तो देखिएगा। मेरा अनुरोध है। निवेदन है।प्रार्थना है। बाकि जो है सो हइये हैं। मुझे BPSC का ट्विटर हैंडल नहीं मिला। इसलिए परम आदरणीय मुख्यमंत्री को मैंने टैग कर दिया है।

विवादस्पद मुद्दों पर हौसलें के साथ आरा वाला, आशुतोष कुमार पाण्डेय

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *