PM मोदी की दरियादिली…बाढ़ राहत के लिए केंद्र ने बिहार को दिए 613 करोड़

केंद्रीय टीम ने राजेंद्र नगर व कंकड़बाग में लिया जायजा

केन्द्र ने बाढ़ की विभीषिका झेल रहे बिहार को 613 करोड़ की राशि मंजूरी की है। राहत, बचाव व पुनर्वास कार्यों के लिए नेशनल डिजास्टर रिस्पांस फंड से 400 करोड़ दिए हैं। साथ ही स्टेट डिजास्टर रिस्पांस फंड के लिए अपने हिस्से की दूसरी किस्त की राशि के रूप में 213.75 करोड़ रुपए जारी किए हैं।

शुक्रवार काे गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह फैसला लिया गया। इधर, राजधानी में जलजमाव और राज्य के अन्य जिलों बाढ़ से हुई क्षति का आकलन करने छह सदस्यीय केन्द्रीय टीम शुक्रवार देर शाम पटना पहुंची। गृह मंत्रालय के संयुक्त सचिव जी.रमेश कुमार गंता के नेतृत्व में आई टीम ने आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव प्रत्यय अमृत के साथ बैठक की। बैठक के बाद राजेन्द्र नगर और कंकड़बाग का जायजा लिया।

शनिवार को केन्द्रीय टीम विभिन्न विभागों के प्रधान सचिवों के साथ बैठक करेगी। टीम ब्योरा लेकर रविवार शाम हो दिल्ली लौट जाएगी। इस बीच आपदा प्रबंधन विभाग ने विभिन्न जिलों में सितंबर में हुई भारी बारिश और बाढ़ से हुए नुकसान की रिपोर्ट 9 अक्टूबर मांगी है। ताकि नए सिरे से केंद्र को मेमोरेंडम दिया जा सके। जुलाई में आई बाढ़ से हुई क्षति के लिए बिहार ने केन्द्र को 2700 करोड़ का मेमोरेंडम सौंपा था।

सितंबर के आखिरी सप्ताह में हुई बारिश से राज्य की नदियों में आया ऊफान थमने लगा है। खतरनाक ढंग से चढ़ रही पुनपुन का जलस्तर 53.61 मीटर तक चढ़ने के बाद स्थिर हो गया है। इसके बावजूद नदी अभी भी खतरे के निशान 50.60 से तीन मीटर ऊपर बह रही है। शनिवार को इसमें 13 सेमी कमी होने की सूचना है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *