कोरोना महामारी के बीच सीएम नीतीश का चुनावी अभियान शुरू, जदयू संगठन को कर रहे सक्रिय

कोरोना संकट से बिहार के लोगों को उबारने में जुटे जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्य के सीएम नीतीश कुमार सरकार और अपने दल के संगठन दोनों पर ध्यान दे रहे हैं। एक तरफ जहां वे अफसरों के संग दिन-रात इस संकट से लोगों को राहत पहुंचाने में जुटे हैं, वहीं अपने दल जदयू को भी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कसने में लगे हैं।

ऊपर के सभी स्तरों के प्रमुख नेताओं के संग वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग करने के बाद अब बूथ स्तर पर संवाद की तैयारी है। जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने अपने दल के दूसरे प्रदेशों के अध्यक्षों से भी बीच-बीच में संवाद कर उनके राज्यों में फंसे बिहारवासियों की मदद करने के काम में उन्हें लगाया है।

गौरतलब है कि यह बिहार विधानसभा के चुनाव का वर्ष है। लॉकडाउन की वजह से संवाद का पूरा स्वरूप बदल गया है। इसे देखते हुए जदयू ने भी राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देश पर सोशल मीडिया का अधिकाधिक उपयोग आरंभ कर दिया है। पिछले तीन सप्ताह से हर रविवार को जदयू के विभिन्न स्तरों के प्रमुख नेता अपने क्षेत्र के कार्यकर्ताओं और आम लोगों से फेसबुक लाइव के जरिए जुड़ रहे हैं। लोगों की समस्याएं सुन रहे हैं, आपदा की इस स्थिति में लोगों के करीब होने का भरोसा दे रहे हैं तथा सरकार के कामकाज की जानकारी उन तक पहुंचा रहे हैं। 31 मई को भी मंत्री से लेकर जिलाध्यक्ष तक कई नेता लोगों से फेसबुक लाइव के जरिए जुड़े।

जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने नेताओं-कार्यकर्ताओं को समाज से नई तकनीक के जरिए जोड़ने की मुहिम एक माह पहले ही आरंभ कर दी थी। एक मई को उन्होंने वीसी के जरिए सभी क्षेत्रीय प्रभारियों से संवाद कर सरकार के कार्यों का फीडबैक लिया। सरकार की योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाने में सबको मददगार बनने को प्रेरित किया। उसके बाद सांसदों, पार्टी पदाधिकारियों, विधायकों, पूर्व विधायकों, जिला अध्यक्षों, प्रखंड अध्यक्षों, पार्टी के राज्य कार्यकारिणी सदस्यों तक से बात की। जदयू से मिली जानकारी के मुताबिक अब बूथ स्तर तक इस संवाद को पहुंचाने की तैयारी है। इसके साथ ही पार्टी के सभी स्तर के नेता राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देश पर सोशल मीडिया के मार्फत अधिकाधिक लोगों से जुड़ रहे हैं।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *