कांग्रेस का राजद को करारा जवाब- सिर्फ उपचुनाव नहीं, लोस की 40 सीटों पर भी अकेले लड़ेंगे चुनाव

Patna : कन्हैया कुमार के कांग्रेस में शामिल होने के बाद से कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल के बीच जारी विवाद का आज पटाक्षेप हो गया। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी भक्त चरणदास ने आज बिहार में बिहार में विपक्षी महागठबंधन टूट जाने की घोषणा की। उन्होंने कहा- अगले लोकसभा चुनाव में सभी 40 सीटों पर कांग्रेस अकेले लड़ेगी।
इस तरह विधानसभा उपचुनाव से पहले कांग्रेस और राजद के रास्ते अलग हो गये हैं। कांग्रेस के बिहार प्रभारी भक्त चरण दास ने शुक्रवार को पटना पहुंचने पर कहा- कांग्रेस का राजद से कोई गठबंधन नहीं है। बिहार विधानसभा उपचुनाव ही नहीं, आने वाले लोकसभा चुनाव में भी कांग्रेस बिहार की सभी 40 सीटों पर अपने दम पर लड़ेगी।

भक्त चरण दास ने इस टूट के लिये राजद को जिम्मेदार ठहराया। कहा कि उन्होंने गठबंधन धर्म का पालन नहीं किया। हालांकि इसकी आशंका पहले से थी, लेकिन यह भी कयास लगाये जा रहे थे कि मामला उच्च स्तर पर सुलझा लिया जायेगा।
जब से कुशेश्वर सीट और तारापुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव की घोषणा हुई है, तब से दोनों पार्टियों के बीच सीटों को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है।


बिहार में तारापुर और कुशेश्वर स्थान विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हो रहे हैं। कांग्रेस कुशेश्वर सीट को अपनी पारंपरिक सीट बता रही है। जबकि राजद दोनों सीटों से लड़ रही है। इसके बाद भक्त चरण दास का एक बयान आया जिसमें उन्होंने तेजस्वी को चेतावनी दी। कहा गया कि अगर उन्होंने तानाशाही रवैया नहीं छोड़ा तो कांग्रेस महागठबंधन से अलग हो जायेगी। उन्होंने अल्टीमेटम भी दिया।
कांग्रेस ने तारापुर से राजेश कुमार मिश्रा और कुशेश्वर सीट से अतिरेक कुमार को उम्मीदवार बनाया है। राजद ने तारापुर से अरुण कुमार साह और कुशेश्वर सीट से गणेश भारती को टिकट दिया है। अब शुक्रवार को भक्त चरण दास के इस बयान ने फिर बवाल खड़ा कर दिया है।


कटिहार में तारिक अनवर ने कहा कि उपचुनाव के बाद बिहार में सरकार गिर जायेगी। उन्होंने कहा कि एनडीए में भी दरार है। चिराग पासवान की पार्टी अलग चुनाव लड़ रही है। महागठबंधन में भी दरार आई है, मैं इसे स्वीकार करता हूं, लेकिन इस उपचुनाव से सरकार गिर जायेगी या बदल जायेगी। अगर एनडीए हार जाता है तो संदेश जरूर जायेगा। उन्होंने कहा कि बिहार में सब कुछ ठीक नहीं है।


इधर, जन अधिकार पार्टी के अध्यक्ष और पूर्व सांसद पप्पू यादव के भक्त चरण दास की बैठक के बाद कांग्रेस की ओर से दावा किया गया है कि वह कांग्रेस के लिए प्रचार करेंगे। विधानसभा उपचुनाव के प्रचार के लिये फायरब्रांड नेता कन्हैया कुमार भी बिहार आ चुके हैं। कन्हैया से कांग्रेस को काफी उम्मीदें हैं।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *