राजद कार्यकर्ताओं के लिए फरमान जारी, नतीजे के दिन आतिशबाजी और हर्ष फायरिंग नहीं करें

PATNA : एग्जिट पोल के नतीजों के बाद महागठबंधन में खुशी की लहर है। राजद कार्यालय में अभी से ही जश्न का माहौल दिखने लगा है। सुबह से कार्यकर्ता कार्यालय पहुंचने लगे हैं। कई नेता और कार्यकर्ता तो मिठाई का डब्बा लेकर आए हैं। पार्टी कार्यालय के बाहर एक-दूसरे को लड्डू खिलाकर जश्न मना रहे हैं। उनका कहना है कि बिहार में सरकार महागठबंधन की बननेवाली है। एग्जिट पोल के नतीजे भी यही बता रहे हैं। बिहार के लोगों ने बदलाव को लेकर वोट किया है और तेजस्वी पर विश्वास जताया है। हालांकि, पार्टी की ओर से कार्यकर्ताओं को सख्त संदेश दिया गया है कि नतीजों की खुशी में कार्यकर्ता अपना संयम नहीं खोएंगे, सादगी और शिष्टता से परिणाम को स्वीकार करेंगे। आतिशबाजी या हर्ष फायरिंग नहीं होगी।

वहीं, राजद कार्यालय में भी बदलाव दिखने लगा है। रविवार की सुबह से ही यहां रिपेयरिंग का काम चल रहा है। कार्यालय कैंपस की टूटी-फूटी जमीन पर मरम्मत हो रही है। पार्टी से जुड़े निराला यादव, मदन शर्मा, योगेंद्र मिलकर कार्यालय को चमकाने में लगे हुए हैं। विधानसभा चुनाव से पहले राजद में शामिल हुए श्याम रजक भी कार्यालय पहुंच गए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि तेजस्वी यादव बिहार के मुख्यमंत्री होंगे और बिहार नए जोश और नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ेगा। तेजस्वी यादव ने जो वादा किया है सारे वादों को पूरी करेंगे। राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह भी दोपहर 12 बजे तक पार्टी दफ्तर पहुंच गए हैं। जगदानंद सिंह पहले की तरह सफेद कुर्ता और सफेद धोती पहने हुए हमेशा की तरह दिख रहे हैं। प्रदेश अध्यक्ष की कमान संभालने के बाद पार्टी कार्यालय में पहले ही काफी बदलाव हुआ है। यहां खूबसूरत गमले और पौधे लगाए हैं। इस विधानसभा चुनाव में तेजस्वी यादव के खास रणनीतिकार जगदानंद सिंह रहे हैं।

उधर, राजद ने ट्वीट के जरिए भी यह जाहिर कर दिया है कि सरकार तो महागठबंधन की ही बननेवाली है, और तेजस्वी मुख्यमंत्री होंगे। पार्टी की ओर से ट्विटर पर कार्यकर्ताओं के लिए संदेश दिया गया है। कहा गया है कि 10 नवम्बर को चुनाव परिणाम कुछ भी हो उसे पूरे संयम, सादगी और शिष्टाचार से स्वीकारना है। अनुचित आतिशबाज़ी, हर्ष फायरिंग, प्रतिद्वंदियों अथवा उनके समर्थकों के साथ अशिष्ट व्यवहार इत्यादि किसी कीमत पर स्वीकार नहीं होगा।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *