पटना जीरोमाइल से पहाड़ी मोड़ तक बनेगा डक्ट फ्लाईओवर, 60 करोड़ होंगे खर्च, जाम का झंझट खत्म
बाइपास पर पटना-गया रोड का मुहाना अब जाममुक्त रहेगा। एनएचएआई ने जीरोमाइल फ्लाईओवर का विस्तार पहाड़ी मोड़ तक करने का निर्णय लिया है। इसके लिए 60 करोड़ की योजना मंजूर की गई है। इसका निर्माण होने के बाद बाइपास पर लगने वाला जाम समाप्त होगा। एनएचएआई के मुताबिक पटना-बख्तियारपुर फोरलेन पर बने फ्लाईओवर के विस्तार की मंजूरी दी गई है। यह डक्ट फ्लाईओवर होगा जो पहाड़ी मोड़ से आगे बख्तियारपुर फोरलेन में गिरेगा। इसके निर्माण के बाद पटना सिटी से आने वाली गाड़ियां डक्ट फ्लाईओवर के नीचे से गया रोड, बाइपास और गांधी सेतु निकल सकेंगी। इसी तरह पटना से गाड़ियां गया रोड, गांधी सेतु की ओर निकल जाएंगी। Demo Photo

400 मी. लंबा होगा डक्ट फ्लाईओवर, बख्तियारपुर जाएंगे वाहन
जीरोमाइल फ्लाईओवर का विस्तार कर नया 400 मीटर डक्ट फ्लाईओवर का निर्माण किया जाएगा। इस फ्लाईओवर के नीचे गांधी सेतु रोड, शीतला माता मंदिर रोड, मसौढ़ी-गया रोड का जंक्शन होगा। वहीं फ्लाईओवर से पटना से बख्तियारपुर की ओर गाड़ियां आएंगी और जाएंगी।
करमलीचक के पास 47 करोड़ रुपए से बनेगा वाई जंक्शन
पटना-बख्तियारपुर फोरलेन पर करमली चक के पास के पास वाई जंक्शन बनेगा। इससे करमलीचक के पास जाम से निजात मिलेगी। एनएचएआई ने 47 करोड़ की लागत से बनने वाले वाई जंक्शन की मंजूरी दी है। इसका निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा।
डक्ट फ्लाईओवर का निर्माण कार्य पूरा होने पर पटना-बख्तियापुर हाईवे पर जाम से निजात मिलेगी। इसकी योजना को मंजूरी दी गई है। इसका कार्य जल्द ही शुरू होगा। -लेफ्टिनेंट कर्नल चंदन वत्स, क्षेत्रीय अधिकारी, एनएचएआई