महाष्टमी पूजा और व्रत आज, पूजा पंडालों के पट खुलते ही जगमग हुई राजधानी पटना

पट खुलते ही शनिवार को पंडालों और सड़कों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी। मध्य रात में वैदिक और तांत्रिक विधि-विधानों से निशा पूजा और महाविद्या पूजा भी की गयी। निशा पूजा की रात जागरण करने की भी परंपरा है।

नवपत्रिका पूजा के साथ से दोपहर तक खुलते रहे पट: आश्विन शुक्ल सप्तमी शनिवार की अहले सुबह से मां दुर्गा के पट खोलने के लिए नवपत्रिका पूजा होने लगी। नवपत्रिका पूजा के बाद मां दुर्गा का पट खोला गया। सूर्योदय से दोपहर दो बजे तक सप्तमी तिथि रहने से मां दुर्गा के पट आम श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खुलते रहे। पूजा पंडालों और मंदिरों में पंडितों के नेतृत्व में मां दुर्गा सहित अन्य देवी-देवताओं की पूरे विधि-विधान के साथ प्राण प्रतिष्ठा की गयी। आचार्य राजनाथ झा ने बताया कि नवपत्रिका पूजा में नौ तरह की वस्तुओं अनार, अशोक, धान,कच्चू, मैना, जयंती, हल्दी, हरिद्रा, अनाज आदि के पत्तों के साथ देवी के नौ स्वरूपों की पूजा की गयी। सिद्धेश्वारी काली मंदिर बांसघाट में अभिजीत मुहूर्त में दोपहर करीब एक बजे मां काली का पट दर्शन के लिए खोला गया। इसके पूर्व पं. संजय कुमार तिवारी शशिबाबा के नेतृत्व में मंदिर में महासप्तमी की पूजा संपन्न हुई। आरती के बाद श्रद्धालुओं खासकर महिलाओं की लाइन दर्शन के लिए लगी रही।


बोरिंग रोड में की गई नवपत्रिका पूजा : बोरिंग रोड चौराहा पर पं. कामेश्वर की अगुआई में नवपत्रिका पूजा की गयी। दोपहर 12.15 बजे पट खोला गया। मौके पर अध्यक्ष उमेश सिंह चंद्रवंशी भी थे। डाकबंगला चौराहा पर पं. पुरुषोत्तम मिश्रा के नेतृत्व में सुबह 10 बजे प्राण-प्रतिष्ठा करके पट खोले गए। सचिव डॉ. पुरुषोत्तम मिश्रा के अनुसार सुबह 8 बजे से पत्रिका पूजा शुरू हो गयी थी।

महाष्टमी पूजा और व्रत आज, कुमारी पूजा कल : महाष्टमी पूजा रविवार को होगी। महाष्टमी का व्रत भी श्रद्धालु रखेंगे। पं. पीके युग ने बताया कि महाष्टमी का व्रत करने से पूरे नवरात्र के व्रत के समान फल की प्राप्ति होती है। महाष्टमी पर महिलाएं मां का खोइंचा भरने पूजा पंडालों और मंदिरों में पहुंचेंगी। महानवमी पूजन और व्रत सोमवार को होगी। महानवमी पर कुमारी पूजा भी होती है।

माता की आरती में पहुंचे सूबे के मंत्रीगण : डाकबंगला चौराहे पर शाम को माता की भव्य आरती हुई। इस मौके पर उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी भी मौजूद रहे। जलेश्वर महादेव मंदिर कंकड़बाग में पट खुलने के समय डॉ. शांति राय और सचिव अजय यादव भी थे। मनोकामना शिव मंदिर बैंकमेंस कॉलोनी में पट खोलने के समय संस्थापक अध्यक्ष मिथिलेश कुमार सिन्हा सहित गणमान्य लोग थे। एसके पुरी में भी सुबह 11.30 बजे पूजा और पट खोल गए। मौके पर पथ निर्माणमंत्री नंदकिशोर यादव,स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय, अध्यक्ष अरविंद सिंह, महासचिव रमेश कुमार सिंह मौजूद रहे।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *