फिरोजाबाद के हाल पर बोले अखिलेश: कोविड में व्यवस्थाएं सबने देखीं, अब बच्चों की जान तो बचा ले सरकार

फिरोजाबाद में डेंगू और वायरल फीवर से हो रहीं बच्चों की मौतों को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। सोमवार को आगरा पहुंचे अखिलेश यादव ने कहा कि कोरोना संकटकाल में क्या व्यवस्थाएं थीं, सबने देखीं। सरकार कम से कम अब बच्चों की जान तो बचा ले। 

उन्होंने कहा कि फिरोजाबाद में बीमारी से हर गांव में 50 से 100 बच्चे और बड़े बीमार हैं। कई गांव ऐसे हैं, जहां दो-दो तीन-तीन सौ मरीज हैं। अस्पताल भरे पड़े हैं। हमें उम्मीद है कि सरकार इस पर ध्यान देगी। अच्छा इलाज कराएगी। उन्होंने कहा कि कोविड में क्या हुआ ये हम सबको पता है। कई लोगों ने अपनों को खोया है। 

अखिलेश यादव ने कहा कि किसानों का सम्मान भारतीय जनता पार्टी को करना चाहिए। किसानों का अपमान देश स्वीकार नहीं करेगा। मुजफ्फरनगर में किसान इकट्ठा हुए। सपा उनके साथ खड़ी है। किसानों को आय दुगनी करने के सपने दिखाने वाली भाजपा ने महंगाई बढ़ा दी। केंद्र व राज्य सरकार को बढ़ती महंगाई पर भी जवाब देना होगा।

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव कोरोना काल में दिवंगत सपा नेताओं के परिजनों से मिलने आगरा आए थे। उन्होंने सबसे पहले खंदारी स्थित मन्नू अलग की मां को श्रद्धांजलि देने गए। यहां से दिवंगत सपा नेता रईसुद्दीन के धौलपुर हाउस स्थित आवास पर पहुंचे। रईसुद्दीन की पत्नी जेबा रईस और पुत्र महानगर उपाध्यक्ष रिजवानुद्दीन प्रिंस से मिले और शोक संवेदनाएं व्यक्ति कीं। 

अखिलेश यादव ने उनके परिजनों से कहा कि मैंने रईसुद्दीन की जान बचाने के लिए प्रयास किए। रेमिडिसिवर इंजेक्शन से लेकर खुद चिकित्सक से बात की, मुझे दुख है कि उन्हें बचा नहीं सके। इस दौरान रईसुद्दीन के पुत्र शाकिब, कासिफ के अलावा सपा नेताओं से मुलाकात की। करीब 30 मिनट मिलने के बाद विभव नगर स्थित शिव कुमार राठौर के घर गए।

पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव लखनऊ एक्सप्रेसवे पर होकर आगरा पहुंचे। आगरा के पहुंचने से पहले फतेहाबाद एक्सप्रेसवे टोल प्लाजा पर उनका जोरदार स्वागत किया गया। अखिलेश यादव गाड़ी से बाहर आ गए और कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाया। 

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *