गुरुनानक के 550वें प्रकाश पर्व पर राजगीर में होगा भव्य समारोह, सीएम नीतीश ने किया ऐलान

राजगीर में जमीन पर चरण छुआकर गुरुनानक ने शीतल जल का फव्वारा प्रकट किया था, यहां बन रहा गुरुद्वारा शीतल कुंड

सिखों के पहले गुरु गुरुनानक देव जी महाराज ने राजगीर की जमीन पर अपना चरण छुआकर शीतल जल का फव्वारा प्रकट किया था। शीतल कुंड नाम से विख्यात इस स्थान पर गुरुद्वारा शीतल कुंड बन रहा है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 11 जनवरी 2019 को इसका शिलान्यास किया। बहरहाल, मुख्यमंत्री ने कहा-गुरुनानक देव जी महाराज के 550वें प्रकाश पर्व पर राजगीर में 27 से 29 दिसंबर तक भव्य समारोह होगा। उन्होंने गुरुनानक देव जी महाराज के ‘इक ओंकार’ यानी ईश्वर एक है, के मूलमंत्र के हवाले लोगों से गुरुजी के समग्र व समरस समाज बनाने के सपने को पूरा करने के लिए मिलकर काम करने की अपील की।


नीतीश ने गुरुनानक देव के 550वें प्रकाश पर्व पर लोगों को शुभकामनाएं दी। कहा-गुरुनानक देव जी के व्यक्तित्व में दार्शनिक, योगी, गृहस्थ, धर्म संस्थापक, समाज सुधारक, कवि, देशभक्त और विश्वबंधु के इकट्‌ठे गुण मिलते हैं। वह कहा करते थे कि किसी भी तरह के लोभ को त्याग कर, खुद मेहनत कर और न्यायोचित तरीके से धन का अर्जन करना चाहिए। कभी भी किसी का हक नहीं छीनना चाहिए, बल्कि मेहनत और ईमानदारी की कमाई से जरूरतमंदों की भी मदद करनी चाहिए।

वह कहते थे कि धन को जेब तक ही सीमित रहना चाहिए, इसे हृदय में स्थान नहीं बनाने देना चाहिए, अन्यथा नुकसान हमारा ही होता है। उन्होंने शांति, दया एवं मानवता का पवित्र संदेश देने के लिए चारों दिशाओं में व्यापक पैमाने पर यात्राएं की थीं, जिन्हें ‘उदासी’ नाम से जाना जाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम सभी, गुरुनानक देव जी महाराज के संदेशों को अपने जीवन में उतारें। इसी में अभी के दौर के तमाम संकटों का समाधान समाहित है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *