महंगी बंदूक चलाने के साथ महंगी कलम से भी लिखती हैं श्रेयसी सिंह, मिल गई MontBlanc की लिखनिहार

Desk: विधानसभा में गिरी ‘महंगी कलम’ का लिखनिहार मिल गया है। यह कोई पुरुष नहीं बल्कि महिला विधायक हैं और वो हैं श्रेयसी सिंह। दरअसल, एक सप्ताह पहले बिहार विधानसभा की कार्यवाही के दौरान एक दिलचस्प वाकया हुआ था। विधान सभा अध्यक्ष विजय सिन्हा ने सदन में जानकारी दी थी कि उनके कार्यालय में ‘मोंट ब्लैंक’ (MontBlanc) कंपनी की एक कलम रखी है। यह किसी सदस्य की है जो गिर गई थी। सफाई के दौरान एक कर्मचारी को मिली है। जिनकी भी हो, आकर मेरे कार्यालय से ले जाएं। सदन में सभापति की घोषणा के बाद भी किसी सदस्य ने कलम पर दावा नहीं जताया था। सभी एकदूसरे का मुंह ताकते रहे। आपस में कानाफूसी भी कर थे।

अंतराष्ट्रीय शूटर व जमुई MLA श्रेयसी सिंह की है MontBlanc

MontBlanc का दावेदार सप्ताह दिन बाद मिल गया है। पूर्व केंद्रीय मंत्री दिग्विजय सिंह की पुत्री और जमुई की BJP MLA श्रेयसी सिंह ने इसपर दावा ठोका। आज विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा के चेम्बर से उसे रिसीव किया। जैसे ही इस बात की चर्चा विधानसभा में हुई तो सभी ने आश्चर्य जताया। दैनिक भास्कर ने जब श्रेयसी से इस बारे में जानना चाहा तो पहले उन्होंने ना-नुकर किया। फिर बताया कि उन्होंने एक प्रतियोगिता में पुरस्कार के तौर पर इस कलम को जीता था। विधानसभा सत्र के दौरान गलती से कलम उनके मेज पर ही छूट गया था।

बेहद महंगा ब्रांड है MontBlanc

MontBlanc इंटरनेशनल ब्रांड है। जर्मनी के हैम्बर्ग में बनी इन कलमों की कीमत भारत में 30-32 हजार रुपए है। भारत में PM नरेंद्र मोदी इसी ब्रांड की कलम का इस्तेमाल करते हैं। भारत में यह कलम इम्पोर्ट कर मंगाई जा सकती है। बिहार में यह कलम मिलना खुद में एक आश्चर्य है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *