अभी-अभी : NDA की कुछ देर में बैठक, राजनाथ, फडणवीस और भूपेंद्र यादव हैं मौजूद

PATNA : बिहार में अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, यह आज तय हो सकता है। कुछ देर में NDA की अहम बैठक होनी है। पर्यवेक्षक के तौर राजनाथ सिंह, बिहार में भाजपा के चुनाव प्रभारी देवेंद्र फडणवीस और बिहार भाजपा के प्रभारी भूपेंद्र यादव मौजूद रहेंगे। बताया जा रहा है कि भाजपा की तरफ से नीतीश कुमार के नाम पर प्रस्ताव किया जाएगा। सहमति के बाद औपचारिक घोषणा की जाएगी। शनिवार को डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी दिल्ली से घूमकर आ चुके हैं। नीतीश के डिप्टी कौन और कितने होंगे, इसकी की भी घोषणा होने की संभावना है। इसके बाद नीतीश राज्यपाल फागू चौहान के समक्ष सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। सोमवार को शपथ ग्रहण की संभावना है।

नीतीश कुमार मुख्यमंत्री, सुशील कुमार मोदी उप-मुख्यमंत्री और विजय कुमार चौधरी विधानसभा अध्यक्ष होंगे- यह तीन नाम तय माने जा रहे हैं। नीतीश का नाम NDA की ओर से, सुशील कुमार मोदी और चौधरी का नाम नीतीश की ओर से सामने आ रहा है। लेकिन बैठक में भाजपा का डिप्टी सीएम को लेकर कोई नया स्टैंड भी सामने आ सकता है। नीतीश अपने डिप्टी सुशील कुमार मोदी को कायम रखने पर अड़े हैं, लेकिन इस पद पर भाजपा में दो नए चेहरे को लेकर चर्चा है। चर्चा तो यह भी है कि भाजपा दो डिप्टी सीएम चाह रही है। दूसरी तरफ, NDA नेताओं को महागठबंधन की ओर से हम प्रमुख जीतनराम मांझी और VIP प्रमुख मुकेश सहनी को उपमुख्यमंत्री पद का ऑफर होने की जानकारी भी है। इसकी स्थिति भी बैठक में स्पष्ट होगी।

जदयू केंद्र की NDA सरकार का हिस्सा तो है, लेकिन उसके मंत्री नहीं हैं। संभावना है कि बैठक में अगर कहीं मामला फंसा तो भाजपा घटक दल को केंद्र में सहभागिता का ऑफर दे सकती है। 2019 के आम चुनाव के बाद केंद्र में एक मंत्री पद का ऑफर नीतीश ने ठुकरा दिया था। बिहार में भाजपा के 17 और जदयू के 16 सांसद हैं, जिसके कारण नीतीश कम-से-कम तीन केंद्रीय मंत्री का पद चाह रहे हैं। नीतीश 6 सांसदों वाली लोजपा के विधानसभा चुनाव में दिखाए रवैए से खफा हैं, जिसके कारण वह लोजपा को लेकर भी भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के समक्ष शर्तें रख सकते हैं।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *