फूलों की बारिश के बीच बड़ी और छोटी पटन देवी के बीच हुआ खोइंछा मिलन, नम आंखों से लोगों ने दी विदाई

शारदीय नवरात्र : 50 हजार से अधिक महिला, पुरुष व बच्चे आलौकिक मनोरम दृश्य को देखने के लिए आए थे

करतल ध्वनि, जय माता दी के जयघोष अाैर वैदिक मंत्रोच्चार से माहौल भक्तिमय बना हुआ था। मंगलवार की रात करीब 10 बजे पौराणिक व धार्मिक परंपरा के अनुसार पुरानी सिटी कोर्ट शेख बूचर के चौराहे के पास छोटी बहन महाराजगंज की बड़ी देवी अपनी बड़ी बहन श्रीश्री मारूफगंज की देवी की इंतजार कर रही थीं। 50 हजार से अधिक महिला, पुरुष व बच्चे इस आलौकिक मनोरम दृश्य को देखने के लिए वहां आए थे। जैसे ही बड़ी बहन मारुफगंज की प्रतिमा यहां पहुंचीं, वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दोनों भगवती की फूल माला व खोइंछा की अदला-बदली हुई।

खाेइंछा मिलन के बाद यहां से बड़ी देवी जी मारूफगंज की आगे व पीछे महारागंज की देवी की प्रतिमा हुई। श्री श्री बड़ी देवी जी मिलन समारोह समिति की ओर से पुरोहित मनोज कुमार भट्ट ने भगवती की आरती उतारी। दोनों बहनों की आरती विधान पार्षद रणवीर नंदन, महापौर सीता साहू, गिरिजा शंकर ने उतारी। संचालन जगत किशोर प्रसाद ने किया। मौके पर महापौर प्रतिनिधि शिशिर कुमार, पार्षद प्रतिनिधि संजीव कुमार, रितेश राज, कारू कुमार, प्रदीप कुमार, दीपक सहित अन्य सक्रिय रहे। इसके बाद जयकारों के साथ दोनों प्रतिमाएं विसर्जन स्थल भद्रघाट के लिए प्रस्थान हुईं। अशोक राजपथ पर कई स्थानों पर श्री बड़ी देवी जी का स्वागत किया गया।

बेलवरगंज में भी जय बेटी अभियान की ओर से बड़ी देवी जी मारूफगंज, महाराजगंज के साथ पीछे चल रही भवगती की 51 बेटियों के साथ भगवती की आरती उतारी। समारोह का उद्घाटन संस्था संयोजक राजेश बल्लभ, पूर्व डीजी अशोक कुमार गुप्ता ने किया। मौके पर संजय कुमार, कन्हाई पटेल, बिट्टू चंद्रवंशी, रवि गुप्ता, मनीष चंद्रवंशी, मनीष गुप्ता, प्रकाश गुप्ता, ऋषिकेश कुमार सहित अन्य मौजूद रहे। राैनक, भव्यता व शान के साथ श्रीरानीपुर की काली मां की प्रतिमा निकली। माता के दर्शन के लिए बुधवार की सुबह चार बजे से ही अशोक राजपथ के दोनों के किनारे श्रद्धालु माता काली के दर्शन के लिए इंतजार कर रहे थे। शोभायात्रा में अमरनाथ यादव, सुनील कुमार सिंह, गोविंद, राजेश कुमार सहित काफी संख्या में भक्त शामिल हुए। मां काली की प्रतिमा के पीछे-काफी संख्या में प्रतिमा विसर्जन के लिए रवाना हुई। रानीपुरगंज स्थित श्री बड़ी देवी जी में काफी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

दानापुर में देवियों के मिलन में उमड़ी भीड़ : विसर्जन से पूर्व बुधवार को सुल्तानपुर में बड़ी और छोटी देवी की प्रतिमाओं का मिलन आयोजित किया गया। जिसके दर्शन के लिए श्रद्धालु महिला पुरुषों की भीड़ उमड़ पड़ी। वहीं अन्य पूजा समितियों द्वारा भी गाजे-बाजे और शोभा यात्रा के साथ मंगलवार और बुधवार को मूर्ति विसर्जन किया गया।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *