मोदी सरकार में वित्त मंत्री बनेंगे सुशील मोदी?, भाजपा ने राज्य सभा का दिया टिकट, चर्चा शुरू

रामविलास पासवान के निधन से खाली हुए राज्य सभा सीट पर भाजपा ने सुशील मोदी को सांसद भेजने का फैसला किया है. इस फैसले के बाद बिहार की राजनीति में कयास का दौर शुरू हो गया है. जानकारों की माने तो सुशील मोदी को केंद्र मंत्रीमंडल में वित्त मंत्री का भार दिया जा सकता है. सूत्रों की माने तो बिहार सरकार में 15 साल सफल वित्त मंत्री होने का लाभ सुशील मोदी को दिया जा सकता है. हालांकि यह देखना दिलचस्प होगा कि सुशील मोदी को मोदी सरकार में केंद्रीय मंत्री बनाया जाएगा या नहीं.

मोदी अब राज्यसभा जाएंगे, भाजपा ने बनाया प्रत्याशी : पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी राज्यसभा जाएंगे। भाजपा ने उन्हें अपना उम्मीदवार बनाया है। वे बिहार से रिक्त हुई एक सीट के लिए पार्टी प्रत्याशी होंगे। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संजय मयूख ने यह जानकारी दी। भाजपा की केन्द्रीय चुनाव समिति ने शुक्रवार को उनकी दावेदारी पर मुहर लगा दी। रामविलास पासवान के निधन के बाद रिक्त हुई सीट से राज्यसभा जाएंगे। रविशंकर प्रसाद के लोकसभा चुनाव में जीतने के बाद खाली हुई सीट पर वर्ष 2019 में रामविलास पासवान को राज्यसभा भेजा था। मोदी का चुनाव निर्विरोध होने की संभावना है। वे 7 दिसंबर को राज्यसभा के लिए चयनित होंगे। ऐसे राज्यसभा के लिए 14 दिसंबर को उपचुनाव होना है।

लोजपा ने कहा- रीना को भेजा जाता तो बेहतर होता : लोजपा ने राज्यसभा की सीट न मिलने पर निराशा जताई है, लेकिन मोदी को बधाई भी दी है। पार्टी के मीडिया प्रभारी कृष्णा सिंह कल्लू ने कहा कि इस सीट पर लोजपा की स्वाभाविक दावेदारी थी। यदि रीना पासवान को राज्यसभा भेजा जाता तो बेहतर होता। यह पासवान के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होती और नारी शक्ति का भी सम्मान होता।

दस वर्ष की उम्र में आरएसएस से जुड़े मोदी, दो साल जेल में भी रहे

सुशील कुमार मोदी महज 10 वर्ष की उम्र में ही आरएसएस से जुड़े। वे 1962 के भारत-चीन युद्ध के दौरान संघ के संपर्क में आए। इसके बाद वे राजेन्द्र नगर शाखा के मुख्य शिक्षक बने। जिला शारीरिक प्रमुख बने। 1977 से 1986 तक संघ के प्रचारक के नाते विद्यार्थी परिषद के पूर्णकालिक कार्यकर्ता बने। राम जन्मभूमि आंदोलन के दौरान दस दिनों तक जेल में रहे। इसके पहले मोदी ने 1972 में पहली बार छात्र आंदोलन के दौरान 5 दिनों के लिए जेल यात्रा की जबकि 1974 में जेपी आंदोलन व आपातकाल के दौरान 5 बार मीसा में गिरफ्तार हुए। आपातकाल के समय 19 माह जेल में रहे। कुल मिलाकर वे दो वर्षों तक जेल में रहे। वे बांकीपुर, फुलवारी, बक्सर, हजारीबाग, दरभंगा, भागलपुर जल के साथ-साथ पीएमसीएच के कैदी वार्ड में भी रखे गए थे। सुशील मोदी चारों सदनों के सदस्य बनने वाले बिहार के कुछ गिने-चुने नेता में शामिल होंगे। वे लोकसभा, विधानसभा और विधानपरिषद के बाद अब राज्यसभा के भी सदस्य होंगे।

सुशील मोदी को डिप्टी सीएम ने दी बधाई
पटना | उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने सुशील कुमार मोदी को राज्यसभा के लिए पार्टी उम्मीदवार बनाने पर बधाई दी है। उन्होंने इसके लिए केंद्रीय नेतृत्व को धन्यवाद भी दिया है। उन्होंने कहा कि राज्यसभा सदस्य के रूप में उनकी उम्मीदवारी पार्टी व सरकार के स्तर पर उनके अहर्निश सेवा का सकारात्मक प्रतिफल है। उपमुख्यमंत्री रेणु देवी ने भी उन्हें बधाई दी है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *