बिहार में बदला मौसम, पछुआ हवा ने बढ़ाई कनकनी, न्यूनतम पारा 4.2 डिग्री गिरा

सर्द रात में बजरंग बली के भरोसे यात्रा, बसों में सीट नहीं मिलने के कारण कई लोग सर्द मौसम में रात में बस की छत पर सफर करने के लिए मजबूर हैं।

हिमचाल और जम्मू से आ रही पछुआ सर्द हवा की वजह से पटना समेत बिहार के कई हिस्सों में कनकनी बढ़ गई। पश्चिमी विक्षोभ के पटना, गया के अलावा बिहार से कुछ हिस्सों को छोड़कर शेष इलाकों से रुख्सत हो जाने से मौसम साफ हो गया। इस वजह से पटना में भी खिली हुई धूप निकली। पिछले चार-पांच दिनों के बाद धूप निकली पर 8 से 10 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से चली सर्द हवा से तपिश महसूस नहीं की गई। मौसम साफ होने की वजह से शनिवार को राजधानी का न्यूनतम पारा पिछले 24 घंटे में 4.2 डिग्री लुढ़क गया और यह 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

यह सामान्य से 0.5 डिग्री कम है। शहर के अधिकतम पारा में एक डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई और यह 18.5 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से चार डिग्री कम है। सूबे में गया सबसे सर्द रहा। यहां का न्यूनतम पारा 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से 4 डिग्री कम है। पूर्णिया, फारबिसगंज और इससे सटे इलाकों का मौसम पूरी तरह साफ नहीं हुआ। देर शाम में इन इलाकों से भी पश्चिमी विक्षोभ के चले जाने से रविवार से यहां भी मौसम साफ हो जाएगा। भागलपुर का अधिकतम पारा 20.6 जबकि न्यूनतम पारा 12.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पूर्णिया का अधिकतम पारा 19.4 और न्यूनतम पारा 11.9 डिग्री सेल्सियस रहा।

पूर्वानुमान में कहा गया है कि रविवार से 17 जनवरी तक मौसम साफ रहेगा, पर न्यूनतम पारा में एक-दो डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट दर्ज हो सकती है। 15 जनवरी को मकर संक्रांति है। उस दिन भी आकाश साफ रहेगा पर सर्द हवा के बीच दही-चूड़ा के साथ पतंगबाजी का शहरवासी लुत्फ उठा सकेंगे।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *