NDA जीतेगा, सरकार बनेगी महागठबंधन की, हम पार्टी पर नजर रखिये, उपमुख्यमंत्री पद किसे नहीं लुभायेगा

नेक टू नेक फाइट की स्थिति में पहुंच गई मतगणना के बीच महागठबंधन ने सीएम नीतीश कुमार पर गम्‍भीर आरोप लगाते हुए चुनाव आयोग का दरवाजा खटखटाया है। पार्टी सांसद और वरिष्‍ठ नेता मनोज झा ने थोड़ी देर पहले मीडिया के सामने आकर लो मार्जिन वाली सीटों पर धांधली की कोशिश का आरोप लगाया। मनोज झा ने कहा कि लोकतंत्र पर कुठाराघाट कतई बर्दाश्‍त नहीं किया जाएगा।

मनोज झा ने कहा कि अभी भी हम 200 प्रतिशत आश्‍वस्‍त हैं कि बिहार में महागठबंधन की सरकार बनेगी। उन्‍होंने प्रशासन पर राजद और महागठबंधन के जीते हुए कई उम्‍मीदवारों को सर्टिफिकेट न देने, महागठबंधन की जीती हुई सीटों पर रिकाउंटिंग का बहाना बनाकर हराने की कोशिश करने और सरकार के इशारे पर साजिश करने का आरोप लगाया। उन्‍होंने कहा कि सीएम नीतीश के घर इस वक्‍त भाजपा के कई बड़े नेता बैठे हैं। शासन प्रशासन पर दबाव बना रहा है। महागठबंधन को हराने की साजिश रची जा रही है। उन्‍होंने कहा कि ऐसे नेताओं और अधिकारियों के बारे में राजद को पूरी जानकारी है। जीत अंतत: महागठबंधन की होगी।

सीएम नीतीश अब सिर्फ कुछ घंटों के सीएम हैं। लेकिन जाते-जाते वह जो कर रहे हैं वह लोकतंत्र के लिए दुर्भाग्‍यपूर्ण स्थिति है।
मनोज झा के इन आरोपों का भाजपा और जद यू ने खंडन किया है। भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन ने कहा कि अपनी हार करीब देख महागठबंधन के नेता अब मनगढंत आरोप लगा रहे हैं। जद यू के प्रवक्‍ता अभिषेक ने कहा कि जब विद्यार्थी फेल हो रहा होता है तो तरह-तरह के बहाने बनाता है। राजद वही कर रही है।

बिहार की कई सीटों पर मतगणना खत्म हो चुकी है। कुछ सीटों पर अभी वोटों की गिनती जारी है। हालांकि कई सीटें ऐसी भी हैं जहां उम्मीदवार जीत गए हैं। लेकिन आधिकारिक घोषणा अभी बाकी है। बिहार में हार-जीत के नतीजों के बीच अब बैठकों का दौर भी शुरू हो गया है। भाजपा, राजद और जदयू पार्टी के बड़े नेताओं ने अपने-अपने आवास और कार्यालयों पर हार-जीत को लेकर मंथन शुरू कर दिया। जहां प्रत्याशी जीते हैं वहां पर जश्न मनाने की तैयारी भी चल रही है। चुनाव आयोग ने बताया कि अभी तक एक करोड़ से ज्यादा वोटों की गिनती पूरी हो चुकी है। बाकी वोटों की गिनती जारी है। फाइनल रिजल्ट आने में कुछ समय लग सकता है। अभी तक के रुझान में एनडीए को बहुमत मिलता दिख रहा है। भाजपा नीतीश कुमार की जेडीयू से ज्यादा सीटें लाती दिख रही है। रुझान देखकर लग रहा है कि इस बार एग्जिट पोल के अनुमान फेल हो रहे हैं। बिहार चुनाव की पहली जीत एनडीए के नाम हुई है। केवटी से भाजपा के मुरारी मोहन झा ने जीत हासिल की।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *