बिहार में BJP ने ठोका CM पद पर दावा, कहा-2020 में नीतीश मंजूर नहीं, JDU में खलबली

जदयू प्रवक्ता केसी त्यागी ने भाजपा नेता संजय पासवान के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा है कि भाजपा एक अनुशासित पार्टी है। मुझे उम्मीद है कि संजय पासवान के गैर अनुशासित बयान पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह संज्ञान लेंगे और आगे से इस तरह के बयान पर रोक लगाएंगे। 

केसी त्यागी ने कहा है कि अमित शाह ने सार्वजनिक रूप से कहा है कि बिहार में विधानसभा का चुनाव मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए लड़ेगा। एनडीए के घटकदल लोजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष रामविलास पासवान और वर्तमान अध्यक्ष चिराग पासवान ने संयुक्त रूप से कहा है कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में हमलोग चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि जदयू के किसी सदस्य द्वारा कभी भी गठबंधन में रहते हुए न तो पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी के नेतृत्व पर और न ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर नकारात्मक टिप्पणी किया गया है। 

संजय पासवान ने फिर सीएम उम्मीदवार का मुद्दा उठाया
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह साफ कर चुके हैं कि बिहार विधानसभा चुनाव में नीतीश कुमार ही एनडीए का चेहरा होंगे। यह भी कहा है कि भाजपा, जदयू और लोजपा द्वारा राज्य में अगला विधानसभा चुनाव मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के ही नेतृत्व में लड़ा जाएगा। मगर भाजपा शीर्ष नेतृत्व से उलट पूर्व केन्द्रीय मंत्री और भाजपा विधान पार्षद डा. संजय पासवान ने एक बार फिर विवादित बयान दिया है।

बुधवार को मीडिया से बातचीत में डा. पासवान ने मुख्यमंत्री पद पर भाजपा की दावेदारी जताई। कहा कि जनता अब भाजपा के किसी पिछड़े वर्ग के नेता को मुख्यमंत्री के रूप में देखना चाहती है। डा. पासवान ने कहा कि अब तक वह राज्य के लगभग 22 जिलों में भ्रमण कर चुके हैं। वहां की जनता से जो भी राय मिली उसे पार्टी के शीर्ष नेतृत्व तक पहुंचा चुके हैं। जोर देकर कहा कि न सिर्फ मैं बल्कि पार्टी के अधिसंख्य नेताओं को भी यह फीडबैक मिल रहा है और उन्होंने भी नेतृत्व को इससे अवगत कराया है। जनता से जिस तरह से फीडबैक मिल रहे हैं उससे भाजपा की ओर से उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी या केन्द्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय को मुख्यमंत्री के रूप में सामने रख चुनाव लड़ा जा सकता है। इसके अलावा उप मुख्यमंत्री का पद किसी सवर्ण या दलित या फिर दोनों को दिया जा सकता है।


भाजपा ने विधान पार्षद डा. संजय पासवान के बयान से पल्ला झाड़ लिया है। पार्टी ने कहा है कि विधानसभा चुनाव एनडीए गठबंधन नीतीश कुमार के नेतृत्व में लड़ेगा। अब इसपर कोई बयानबाजी की जरूरत नहीं है। पार्टी प्रवक्ता डा. निखिल आनंद ने कहा है कि डा. संजय पासवान पार्टी के वरिष्ठ व सम्मानित नेता है। उन्होंने सिर्फ अपनी व्यक्तिगत भावना का उदगार किया है। उनका बयान पार्टी का आधिकारिक बयान नहीं है। इसलिए इसपर बहुत प्रतिक्रिया देना ठीक नहीं है। बिहार चुनाव से संबंधित कोई भी निर्णय भाजपा का राष्ट्रीय शीर्ष नेतृत्व ही करेगा। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने इस संबंध में अपनी बात कह दी है, जो हम सभी के लिए मान्य है। गौरतलब है कि इससे पहले भाजपा के वरिष्ठ नेता उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी भी कह चुके हैं कि बिहार में एनडीए नीतीश कुमार की अगुआई में ही विस चुनाव लड़ेगा। 

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *