दीदारगंज से अशोक राजपथ पर दोपहर से नहीं चलेंगे वाहन, छठ को लेकर बदला पटना का ट्रैफिक रूट

ट्रैफिक का हाल : गंगा घाट से 200 मीटर से दो किलोमीटर तक दूर बनाया गया है पार्किंग स्थल, व्रतियों को चलना पड़ेगा पैदल

दीदारगंज से अशोक राजपथ तक दो नवंबर को दोपहर 12 बजे से रात 10 बजे और देर रात 2 बजे से तीन नवंबर की सुबह आठ बजे तक वाहनों के संचलन पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा। खजांची रोड और कुनकुन सिंह लेन पर व्रतियों के वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की गई है। इस दौरान पटना में बड़े वाहनों पर रोक रहेगी। प्रशासन ने विभिन्न जगहों पर 12250 छोटे व बड़े वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की है। 2 नवंबर की सुबह 10 बजे से 3 की सुबह 10 बजे तक पटना जंक्शन से जीपीओ होते हुए दानापुर या खगौल की ओर जाने वाली नगर बस सेवा गांधी मैदान तक नहीं जाएगी। पटना जंक्शन से ही निर्धारित स्थानों के लिए चलेंगी।

अशोक राजपथ पर रहेगी यह व्यवस्था : 1. बांसघाट में पार्किंग स्थल की क्षमता काफी कम है। ऐसे में बांस घाट पार्किंग स्थल पर वाहनों की संख्या अधिक होने पर उन्हें गांधी मैदान भेजा जाएगा। कलेक्ट्रेट घाट जाने के लिए बांस घाट के रास्ते के उपयोग पर प्रतिबंध रहेगा। 2. करगिल चौक से शाहपुर तक छठव्रतियों के वाहनों का परिचालन होगा, जबकि व्यावसायिक वाहनों पर रोक लगी रहेगी।

3. दीघा से आशियाना मोड़ तक दो नवंबर की दोपहर 2 बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक और तीन नवंबर को सुबह 6 से 8 बजे तक वाहन नहीं चलेंगे। इस दौरान ये वाहन रामजी चक मोड़ की ओर डायवर्ट किए जाएंगे, जो नहर रोड तक जाएंगे। 4. गायघाट की ओर जाने वाले वाहन पुरानी या न्यू बाइपास से सीधे धुनकी मोड़, शीतला माता मंदिर या बिस्कोमान गोलंबर से गायघाट की ओर जाएंगे। वाहनों की पार्किंग गायघाट पुल के नीचे, हाथिया बगान, लोहा गोदाम, गुलजारबाग स्टेडियम में होगी। गायघाट से आने वाले न्यायाधीशों के वाहनों को गायघाट स्थित नौवाहन संस्थान परिसर में पार्क कराया जाएगा।

5. छठव्रतियों के वाहनों को छोड़कर बाईपास थाना के सामने गुरु गोविंद सिंह लिंक पथ होकर सभी प्रकार के व्यावसायिक वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। 7. न्यू बाईपास, करमली चक मोड़ से पटना सिटी की ओर आने वाले वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *