फिर चला बिहार के लाल पृथ्वी शॉ का बल्ला, 35 गेंद पर बनाए 48 रन, चौक्के-छक्के की बरसात
टीम में शामिल होने के अगले दिन पृथ्वी ने 35 गेंद पर 48 रन बनाए, पृथ्वी को धवन की जगह न्यूजीलैंड दौरे पर जाने वाली टीम में चुना गया है
पृथ्वी शॉ ने बुधवार को साबित कर दिया कि भारतीय चयनकर्ताओं ने उन्हें न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे टीम में साबित कर कोई गलती नहीं की है। पृथ्वी ने इंडिया ए की ओर से 35 गेंद पर 48 रन बनाए। उन्होंने 5 चौके और 3 छक्के भी जमाए। उनकी इस शानदार पारी की मदद से इंडिया ए ने पहले अनऑफिशियल वनडे में न्यूजीलैंड ए को 5 विकेट से हरा दिया। 20 साल के पृथ्वी शॉ को मंगलवार को चोटिल शिखर धवन की जगह वनडे टीम में शामिल किया गया है। पृथ्वी ने न्यूजीलैंड ए के खिलाफ प्रैक्टिस मैच में भी 100 गेंदों पर 150 रन की पारी खेली थी। भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज 5 फरवरी से खेली जाएगी। अगर पृथ्वी को प्लेइंग इलेवन में मौका मिलता है तो वह उनका डेब्यू वनडे होगा। उन्होंने 15 महीने से इंटरनेशनल क्रिकेट नहीं खेला है। उन्होंने आखिरी इंटरनेशनल मैच अक्टूबर 2018 में वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट खेला था।

तीन अनऑफिशियल वनडे की सीरीज के पहले मैच में इंडिया ए ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग करने का फैसला किया। न्यूजीलैंड ए की टीम 48.3 ओवर में 230 रन पर आउट हो गई। उसकी ओर से रचिन रवींद्र ने सबसे ज्यादा 49 रन की पारी खेली। सिराज ने 3 विकेट लिए। भारत ने 29.3 ओवर में 5 विकेट पर लक्ष्य हासिल कर लिया। पृथ्वी के अलावा संजू सैमसन ने 21 गेंद पर 39 और सूर्यकुमार यादव ने 19 गेंद पर 35 रन बनाए। सैमसन को भी धवन की जगह टी20 में शामिल किया गया है।
बताते चले की पृथ्वी शॉ के पिता पिता पंकज शॉ मूल रूप से बिहार के गया जिले के मानपुर गांव के रहने वाले हैं। लेकिन पृथ्वी का जन्म मुंबई के विरार इलाके में 9 नवंबर 1999 को हुआ था और उनका व्यक्तिगत रूप से बिहार से कोई ताल्लुक नहीं रहा है। फिलहाल पृथ्वी के पिता पंकज भी मुंबई में ही रहते हैं। वह पृथ्वी के जन्म से पहले ही मुंबई चले गए थे और वहां कपड़े की दुकान चलाते थे। अब बिहार के गया जिले में मानपुर, शिवचरन लेन में पृथ्वी के दादा अशोक शॉ और दादी रामदुलारी रहती हैं। वह अपने घर में ही बालाजी कटपीस नाम से कपड़े की दुकान चलाते हैं।