रामविलास पासवान का ऐलान- अगले विधानसभा चुनाव में नीतीश कुमार ही होंगे NDA का CM उम्मीदवार

अगले विधानसभा चुनाव में नीतीश कुमार ही होंगे हमारा चेहरा, एनडीए 225 से अधिक सीटें जीतेगा, लोजपा का स्थापना दिवस समारोह : चिराग बोले- बिहार में एनडीए 2014 से अधिक मजबूत, विरोधी कहीं नहीं टिकने वाले

लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने कहा कि वर्ष 2020 के विधानसभा चुनाव में नीतीश कुमार ही हमारे चेहरा होंगे और उनके नेतृत्व में ही एनडीए चुनाव लड़ेगा। बिहार में एनडीए 2014 से अधिक मजबूत है, हम 225 से अधिक सीट जीतेंगे। वह बापू सभागार में आयोजित लोजपा के स्थापना दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार को जंगलराज से मुक्त कराया। आज बिहार विकसित राज्य बनने की ओर अग्रसर है। उन्होंने सुशील मोदी के साथ मिलकर प्रदेश को सबसे तेज गति से विकास करने वाला राज्य बनाया।

चिराग ने कहा कि लोजपा का लक्ष्य राष्ट्रीय पार्टी बनने का है। इसका विस्तार पूरे देश में करना का लक्ष्य है। उन्होंने अन्य राज्यों में अपने बूते चुनाव लड़ने का ऐलान किया। साथ ही प्रदेशों की पार्टी इकाइयों को चुनाव की तैयारियों में जुट जाने को कहा। उन्होंने अन्य राज्यों में चुनाव लड़ने के निर्णय को गठबंधन के खिलाफ नहीं बताया और कहा कि इससे भाजपा के साथ हमारे संबंधों में कोई खटास या कोई दरार है। हमें गर्व है कि 50 वर्षों के संसदीय इतिहास में रामविलास पासवान का चेहरा बेदाग रहा। उनके आशीर्वाद से लोजपा हाशिए पर छूटे लोगों की आवाज बनेगी। उन्होंने राष्ट्रीय युवा आयोग गठन करने, महिला आरक्षण बिल पारित करने और न्यायपालिका में कोलेजियम की जगह इंडियन ज्यूडिशियल सर्विस लागू करने की मांग की।

दलित सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सांसद पशुपति कुमार पारस ने कहा कि चिराग देश के सर्वोच्च पद पर पहुंचे, यह हमारी आकांक्षा है। प्रदेश अध्यक्ष सांसद प्रिंसराज ने कहा कि पार्टी का सुदूर क्षेत्रों में विस्तार करना उनका लक्ष्य होगा। इसके पहले समारोह को मणिपुर के मंत्री करम श्याम, सांसद महबूब अली कैसर, वीणा सिंह, चंदन सिंह, काली पांडेय, सुनील पांडेय, हुलास पांडेय ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर राजू तिवारी, राजकुमार साह, नूतन सिंह, विनोद कुमार सिंह, अशरफ अंसारी, श्रवण अग्रवाल, ललन पासवान, उपेंद्र यादव, अरविंद सिंह मौजूद थे।

केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान ने कहा कि वर्ष 2005 में लालू प्रसाद यदि किसी मुसलमान को मुख्यमंत्री बना देते तो उनकी सरकार नहीं जाती। आज भी बिहार में उनकी ही सरकार होती। त्रिशंकु विधानसभा होने पर मैंने अपने समर्थन के लिए किसी मुसलमान को सीएम बनाने की शर्त रखी थी, पर वे अहंकार में थे। आज क्या स्थिति है, किसी से छुपी नहीं है। उन्हाेंने देश के बुजुर्ग नेताओं को युवा शक्ति को कमान सौंपने की नसीहत दी। कहा- लोजपा ने चिराग को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया, जबकि प्रिंसराज को प्रदेश की कमान सौंपी।

2020 नहीं, 2024 है हमारा लक्ष्य : उन्हाेंने कहा कि लोजपा का टारगेट वर्ष 2020 नहीं है। हमारा लक्ष्य 2024 है। हम उसकी तैयारी में हैं। इसीलिए पार्टी सभी 243 विधानसभा सीटों पर तैयारी कर रही है। पार्टी विधानसभा चुनाव में उन्हें ही टिकट देगी जो अपने क्षेत्र में बेहतर काम कर सकेंगे और अधिक सदस्य बनाएंगे। सिर्फ चेहरा दिखाने वालों को टिकट नहीं मिलने वाला। पासवान ने कहा कि जो उनकी पार्टी में आए, काम किया हमने उनका स्वागत किया। पर, जो छोड़कर गए उनसे मुझे कोई गिला नहीं है। उन्होंने जीवन में राजनीति के कई रंग देखे हैं। पार्टी टूटी तो भी मायूस नहीं हुए।
हर घर नल का जल में बीएस मानक का हो पालन : पासवान ने कहा कि हर घर नल का जल बेहद महत्वपूर्ण योजना है। इसमें बीएस मानक का पालन होना चाहिए। उन्होंने पिछले दिन हुए पानी की जांच की जानकारी देते हुए कहा कि इसमें मुंबई का पानी सबसे बेहतर और दिल्ली का सबसे घटिया निकला। अब केजरीवाल जी हल्ला कर रहे हैं।

लोजपा बनाएगी एक करोड़ सदस्य, 14 अप्रैल को गांधी मैदान में रैली
चिराग पासवान ने पार्टी के सदस्यता अभियान की शुरुआत करते हुए कहा कि पूरे देश में एक करोड़ सदस्य नए बनाने का लक्ष्य रखा गया है। इसमें 50 लाख सदस्य बिहार में बनेंगे। उन्होंने आगामी 14 अप्रैल को गांधी मैदान में पार्टी की रैली करने का भी ऐलान किया।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *