विजयदशमी और रावणवध काे लेकर 4000 जवान तैनात, 600 CCTV से हाेगी निगरानी
विजयादशमी और गांधी मैदान में होने वाले रावणवध समारोह को लेकर सुरक्षा व्यवस्था चौकस कर दी गई है। राजधानी में करीब चार हजार जवानों को लगाया गया है। करीब 600 सीसीटीवी कैमराें से निगहबानी शुरू हो गई है। शहर को 13 जोन में बांटा गया है। किसी भी अनहोनी से निपटने के लिए चार क्यूआरटी बनाई गई है।
राजधानी समेत जिले के 30 स्थानों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। सीसीटीवी पर पैनी नजर रखने के लिए 24 घंटे छह अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति कर दी गई है। गांधी मैदान में एक अस्थायी थाना भी खुल गया है। 8 अक्टूबर को गांधी मैदान में रावणवध समारोह को लेकर 15 वाच टावर लगाए गए हैं। हरेक वाच टावर पर सीसीटीवी कैमरा लगाया गया है। 8 अक्टूबर को दिन के करीब 11 बजे से ही वाच टावर पर जवानों की तैनाती कर दी जाएगी। यहां 60 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। हरेक गेट पर रौशनी की बेहतर व्यवस्था की गई है। दशहरा के लिए जहां 260 दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है, वहीं रावणवध के लिए 80 दंडाधिकारियों को तैनात किया जाएगा।
हरेक गेट पर दंडाधिकारी और पुलिस की तैनाती की जाएगी। मेटल डिटेक्टर लगाया जाएगा। हैंड मेटल डिटेक्टर से लोगों की तलाशी लेने के बाद अंदर जाने दिया जाएगा। जब तक लोग गांधी मैदान से नहीं चले जाएंगे, जवानों की तैनाती रहेगी। सोशल मीडिया पर नजर रखने के लिए साइबर सेल को सतर्क कर दिया गया है। जो भी किसी की भावना भड़काने के लिए सोशल मीडिया पर अनाप-शनाप पोस्ट करेगा या किसी तरह का वीडियो वायरल करेगा, पुलिस उससे सख्ती से निपटेगी।