राजद का 23वां स्थापना दिवस आज, हो रहा भव्य आयोजन

लालू प्रसाद यादव की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल आज 23वां स्थापना दिवस मना रही है। पटना में मुख्य कार्यक्रम प्रदेश अध्यक्ष डाॅ रामचन्द्र पूर्वे की अध्यक्षता में मनाया जा रहा है। इसमें दल से जुड़े सभी महत्वपूर्ण लोगों की उपस्थिति रहेगी। जाहिर है पार्टी एकजुटता दिखाने की कोशिश करेगी। पार्टी को स्थापित हुए 22 वर्ष हो चुके हैं। वहीं शनिवार को होटल मौर्या में राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक भी है।

वर्तमान में यह अपने सबसे बुरे दौर से गुजर रही है। ऐसे में राजद कार्यकर्ताओं को हार की हताशा से उबारने और चुनौतियों से मजबूती से मुकाबले के लिए स्थापना दिवस और राष्ट्रीय कार्यकारिणी को अवसर के रूप में देखा जा रहा है। यही कारण है कि कार्यकर्ताओं को उत्साहित करने के लिए पहली बार प्रखंड स्तर पर भी कार्यक्रम किए जा रहे हैं। मुख्य आयोजन पटना में राजद कार्यालय में होना है। प्रखंडों में भी सभाएं होंगी। राजद के नीति-सिद्धांतों पर विमर्श होगा। उसी के अनुरूप संघर्ष करने का संकल्प लिया जाएगा।

मुख्य कार्यक्रम में पांच हफ्ते के अज्ञातवास के बाद घर लौटे नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी एवं विधायक तेज प्रताप यादव भी मौजूद रहेंगे। राज्यसभा सांसद मीसा भारती को भी आमंत्रित किया गया है। राजद प्रमुख लालू प्रसाद की अनुपस्थिति में यह दूसरा स्थापना दिवस होगा। कार्यक्रम का उद्घाटन पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को करना है।

बता दें कि 1997 में लालू प्रसाद यादव ने जनता दल से अलग होकर नई पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (RJD) बनाई थी। तब लालू ने कहा था कि पार्टी की स्थापना गरीबों की लड़ाई के लिए की गई है। लेकिन बदले हालात में चारा घोटाला में सजा पाने के बाद से लालू जेल में है और लालू यादव के दोनों बेटों, तेजस्वी यादव और तेजप्रताप में राजनीतिक विरासत को लेकर खींचतान है।

कार्यक्रम में राजद के  सभी सांसद, पूर्व सांसद, विधायक, पूर्व विधायक, विधान पार्षद, पूर्व विधान पार्षद, प्रदेश पदाधिकारी, सभी प्रकोष्ठों के प्रदेश अध्यक्ष एवं पदाधिकारी तथा कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *