आज होगा सदानंद सिंह का अंतिम संस्कार, 12 बार चुनाव लड़े , 9 बार जीते और 2 बार मंत्री रहे

12 बार विधानसभा चुनाव लड़े सदानंद सिंह, 9 बार जीते और 2 बार मंत्री रहे : सदानंद सिंह मृदुभाषी और सभी दलों में पसंद किए जाने वाले नेता थे। सदानंद सिंह ने 50 साल के अपने राजनीतिक जीवन में कभी अपना विधानसभा क्षेत्र नहीं बदला। भागलपुर के कहलगांव से उन्होंने 12 बार चुनाव लड़ा जिसमें 9 बार वे जीते, दो बार मंत्री रहे। वर्ष 1969 में पहली बार कांग्रेस के टिकट पर कहलगांव विधानसभा से चुनाव जीते और वर्ष 1990 तक लगातार विधायक रहे।

फिर 2010 और 2015 के विधानसभा चुनाव में वो विधायक बने। वो वर्ष 2000 से 2005 तक बिहार विधानसभा के अध्यक्ष रहे थे। वर्ष 1998-2000 और वर्ष 2005-2008 में दो बार बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रहे। वर्ष 2010 से 2020 तक लगातार 10 वर्ष तक दो बार बिहार विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल के नेता रहे। डाॅ. जगन्नाथ मिश्रा के कांग्रेस मुख्यमंत्रित्व काल में उन्होंने बिहार में सिंचाई एवं ऊर्जा राज्यमंत्री का पद भी संभाला। 2020 में यानी पिछला विधानसभा चुनाव उन्होंने खुद नहीं लड़कर कहलगांव सीट से पुत्र शुभानंद मुकेश को कांग्रेस का प्रत्याशी बनवाया हालांकि पुत्र चुनाव में हार गए।

सदानंद सिंह को विधानसभा में दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि
पटना | विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष सदानंद सिंह को विधानसभा में भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। स्व. सिंह का पार्थिव शरीर बुधवार को विधानसभा परिसर में लाया गया। जहां विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद, केंद्रीय राज्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे, शिक्षा मंत्री विजय कुमार चौधरी, भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी, ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, गन्ना व विधि मंत्री प्रमोद कुमार, समाज कल्याण मंत्री मदन सहनी, जल संसाधन मंत्री संजय झा, ग्रामीण कार्य मंत्री जयंत राज, पंचायती राज मंत्री सम्राट चौधरी, खाद्य आपूर्ति मंत्री लेशी सिंह, विपक्ष के नेता तेजस्वी प्रसाद यादव, विधायक आफाक आलम, संजय सरावगी, संजीव चौरसिया, विधान पार्षद नीरज कुमार, प्रेमचंद मिश्र, पूर्व विधायक हरखु झा, अनिल सिंह, विधानसभा के प्रभारी सचिव अनिल कुमार जायसवाल सहित भारी संख्या में सचिवालय के पदाधिकारी व कर्मियों ने माल्यार्पण कर अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

कांग्रेस ने झंडे को तीन दिनों के लिए झुकाया
पटना | बिहार कांग्रेस ने प्रदेश मुख्यालय सहित जिले भर के कार्यालयों में अपने झंडे को तीन दिन के लिए झुका कर वरीय कांग्रेसी सदानंद सिंह के निधन पर शोक जाहिर किया है। राजेश राठौड़ ने कहा कि अगले तीन दिन तक सभी कार्यक्रमों को रद्द कर दिया गया है।

मृदुभाषी और हर दल के दिल-अजीज नेता थे सदानंद बाबू
राज्यपाल फागू चौहान व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष सदानंद सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया। सीएम ने कहा- उनका अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ होगा। वे अनुभवी राजनेता थे। अपने व्यक्तित्व की बदौलत समाज के सभी वर्गों का आदर एवं सम्मान प्राप्त किया। उनके निधन से मैं मर्माहत हूं। बिहार की राजनीति में उनका अहम योगदान रहा। उनकी उम्र ज्यादा नहीं थी। बीमारी के कारण उनका निधन हो गया। उनके निधन से राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है। मुख्यमंत्री ने उनके पुत्र शुभानंद मुकेश से बात कर उन्हें सांत्वना दी। इधर, उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद व रेणु देवी, मंत्री डॉ. अशोक चौधरी, मंगल पांडेय, विजय कुमार चौधरी, अमरेंद्र प्रताप सिंह, संतोष कुमार सुमन, पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी, पूर्व केंद्रीय मंत्री देवेंद्र प्रसाद यादव, जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, विधानपार्षद नीरज कुमार, संजय सिंह, ओमप्रकाश सिंह सेतु, वरीय कांग्रेसी शक्ति सिंह गोहिल, तारिक अनवर, मुकुल वासनिक ने भी शोक व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।

डेली बिहार न्यूज फेसबुक ग्रुप को ज्वाइन करने के लिए लिंक पर क्लिक करें….DAILY BIHAR  आप हमे फ़ेसबुकट्विटरइंस्टाग्राम और WHATTSUP, YOUTUBE पर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं 

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *