शादी के आठ दिन बाद ही कोरोना से दूल्हे की मौत, संक्रमित होने के बाद भी बरती लापरवाही पड़ी भारी

शादी के आठ दिन बाद ही कोरोना से दूल्हे की मौत, संक्रमित होने के बाद भी बरती लापरवाही पड़ी भारी : आंखों में सुखमय जीवन के हजारों सपने लेकर ससुराल आई एक नवविवाहिता का सुहाग आठ दिन में ही उजड़ गया। कोरोना के कारण उसके पति की गुरुवार को मौत हो गई। पति की मौत की खबर घर पहुंची तो पत्नी प्रियंका बदहवास सी हो गई। जो भी सामने मिल रहा था उससे अपने पति के पास ले चलने की जिद करने लग रही थी। दुल्हन की यह हालत देखकर घरवाले अपने आंसू नहीं रोक पा रहे थे। यह हृदयविदारक घटना हजारीबाग के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित हुटपा गांव की है।

बताया जाता है कि गांव के कृष्णा महतो के पुत्र अनिल महतो की शादी 28 अप्रैल को जिले के टाटीझरिया प्रखंड स्थित झरपो में कौलेश्वर महतो की पुत्री प्रियंका से हुई थी। शादी के बाद दुल्हन प्रियंका बड़े अरमान के साथ ससुराल पहुंची। लेकिन, तब उसको क्या पता था कि दबे पांव मौत उसके पति का पीछा कर रही है। बताया जाता है कि दूल्हे अनिल ने शादी के पहले से ही कोविड-19 के लक्षण उभर आए थे। लेकिन उसने और घरवालों ने इसे गंभीरता से नहीं लिया।

स्थानीय लोगों ने बताया कि शादी के बाद से ही अनिल की तबीयत खराब रहने लगी। परिजनों को तब भी उसके कोरोना पीड़ित होने का अंदेशा नहीं हुआ। उन्होंने सोचा कि किसी अन्य कारण से अनिल की तबीयत खराब है। ऐसे में समय पर उचित इलाज शुरू नहीं होने से अनिल की हालत तेजी से बिगड़ने लगी। तबीयत में सुधार नहीं होने पर उसके परिजन अंतत: अस्पताल ले गए। वहां कोरोना का इलाज शुरू हुआ। हालांकि, डॉक्टरों के तमाम प्रयास के बावजूद अनिल को बचाया नहीं जा सका। प्रियंका के मायके और ससुराल में अनिल की मौत से मातम पसरा हुआ है। जिस किसी ने भी यह खबर सुनी वह कुदरत के इस क्रूर मजाक पर रोए बिना नहीं रह सका।

डेली बिहार न्यूज फेसबुक ग्रुप को ज्वाइन करने के लिए लिंक पर क्लिक करें….DAILY BIHAR

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *