पेट में दर्द हो तो खुद नहीं लें दवा, इससे हो सकती है गंभीर बीमारी

Patna:पेट में दर्द हुआ नहीं कि कई लोग उसे गैस समझ जाते हैं। खुद से दवा भी ले लेते हैं। दवा लेने के बाद दर्द भले ही ठीक हो जाता है, लेकिन फिर से दर्द होने लगता है। ऐसे में खुद से दवा लेने की आदत किसी गंभीर बीमारी को जन्म दे सकता है। अगर बार-बार पेट दर्द की शिकायत हो तो बिना देर किए डॉक्टर से दिखलाएं और उनकी सलाह से ही दवा चलाएं। ये बातें आईजीआईएमएस के गैस्ट्रो सर्जन डॉ. साकेत कुमार ने कहीं। 

50 की उम्र के बाद रहें सतर्क: अगर आपकी उम्र 50 वर्ष से अधिक है और पेट में लगातार गैस बनने लगे, वजन कम होने लगे, थकान महसूस हो तो इसे सिर्फ गैस नहीं समझें। कोई गंभीर बीमारी हो सकती है। पेट में दर्द गॉल ब्लॉडर में स्टोन होने या लिवर में सूजन होने के कारण भी होता है। बार-बार पेट में दर्द हो तो इसे गैस न समझें। ऐसा होने पर तत्काल किसी पेट रोग विशेषज्ञ से दिखलाकर जांच करानी चाहिए और इलाज कराना चाहिए।

इन्होंने भी पूछे सवाल

सवाल: पेट फैटी हो गया है और बाहर की ओर निकल गया है। (आरा से अंकुर पांडेय)

जवाब: तेल-मसाला अधिक खाने से ऐसा हुआ है। पेट में फैट अत्यधिक होने से ऐसा होता है। सबसे पहले खान-पान पर ध्यान देना होगा। नशा करते हैं तो छोड़ दें। व्यायाम करना शुरू कर दें। रोज 30 मिनट तक व्यायाम करें। पानी खूब पिएं। अगर ऐसा करने पर भी नियंत्रण नहीं हो रहा है तो कोलेस्ट्रॉल की जांच करानी होगी। डॉक्टर से इलाज कराना होगा।

सवाल: थोड़ा दूर पैदल चलने से ही पेट में दर्द होने लगता है। (आरा से अमित कुमार)

जवाब: आपकी उम्र बहुत कम है। असंयमित जीवन शैली के कारण भी ऐसा हो सकता है। भूखे पेट या बहुत ज्यादा भोजन कर तुरंत पैदल नहीं चलना चाहिए। अगर ऐसा करते होंगे तो पेट दर्द करेगा ही। खाना खाने के कुछ देर बाद ही कोई काम करें या पैदल चलें। अगर यह परहेज करने पर भी पेट दर्द करता है तो फिर डॉक्टर से दिखलाकर इलाज कराएं।

सवाल: लिवर में सूजन हो गया है। (भोजपुर से शमीउल्लाह)

जवाब: अगर लिवर में सूजन है तो एक बार डॉक्टर से सभी जांच रिपोर्ट के साथ संपर्क करना होगा। परहेज के तौर पर भूखे पेट नहीं रहें। खान-पान पर ध्यान देना होगा। खाना थोड़े-थोड़े अंतराल पर खाएं। एक बार इंडोस्कोपिक जांच जरूर करा लें। सवाल: पेट साफ नहीं रहता है बार-बार शौच जाना पड़ता है। (दरभंगा से कन्हैया पंडित) जवाब: पेट साफ नहीं रहने के कारण ऐसा हो रहा है। फाइबरयुक्त भोजन लेने से ठीक हो जाएगा। अंकुरित चना और मूंग, सलाद और तरल पदार्थ का ज्यादा सेवन करें। इससे चिंता करने की जरूरत नहीं है। खान-पान में थोड़ा बदलाव करेंगे तो ठीक हो जाएगा।

सवाल: पेट के दाहिने हिस्से में दर्द रहता है। (मोतिहारी से मुन्ना)
जवाब: इसकी जांच करानी होगी। तभी पता चलेगा कि समस्या क्या है। एक अल्ट्रासाउंड कराना होगा। लक्षण से ऐसा लग रहा है कि पेट में संक्रमण के कारण दर्द हो रहा हो। हालांकि एक बार किसी अच्छे डॉक्टर से दिखलाएं।।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *