तेजस्वी तुम से बैर नहीं, नीतीश तुम्हारी खैर नहीं, सुधाकर सिंह ने लांघ दिया लक्ष्मण रेखा, बिहार में बवाल

बिहार में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) और जनता दल युनाइटेड (JDU) गठबंधन की सरकार को शपथ लिए अभी अधिक समय नहीं बीते हैं, लेकिन बगावत खुलकर सामने आ गई। यह बगावत किसी और ने नहीं, बल्कि आरजेडी प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह के बेटे और हाल में मंत्री पद से इस्तीफा देने वाले सुधाकर सिंह ने की है। पहले नीतीश कुमार शासन में अधिकारियों के बोलबाले का आरोप लगाते हुए खुले मंच से भ्रष्टाचार के लिए घेरा। इसके बाद कैबिनेट की बैठक से गुस्से से बाहर निकल गए। बाद में एक दिन खबर आई कि उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया।

बेटे के इस्तीफे की घोषणा किसी और ने नहीं, बल्कि उनके पिता और आरजेडी के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने खुद की थी। इस दौरान उन्होंने कहा था कि बलिदान देने का समय आ गया है। इस पूरे प्रकरण के बाद वह लगातार पार्टी आलाकमान से नाराज चल रहे हैं। कई दिनों से वह पार्टी दफ्तर भी नहीं जा रहे हैं। हालांकि, आज खबर आई कि उनकी नाराजगी पार्टी ने दूर कर ली है। वह अब पार्टी दफ्तर पहले की तरह जाएंगे।

जगदानंद सिंह की नाराजदी दूर होने की खबर के बीच सुधाकर सिंह ने एकबार फिर नीतीश कुमार पर तंज कसा है। उन्होंने कैमूर में एक कार्यक्रम के दौरान लोगों को संबोधित करते हुए खुले मंच से नीतीश कुमार को तानाशाह बताया। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार जी की सरकार के मंत्री की हैसियत चपरासी की है। वह सिर्फ मुहर लगा सकते हैं। इससे ज्यादा कुछ नहीं कर सकते हैं। सुधाकर सिंह ने नीतीश कुमार के मिशन-2024 पर भी करारा प्रहार किया और कहा कि नीतीश कुमार पीएम बनने के लिए बेचैन हैं। वह यहीं नहीं रुके। उन्होंने नाम लिए बगैर कहा कि कुछ लोगों को लगता है कि स्वर्ग जाने का रास्ता प्रधानमंत्री पद से होकर ही जाता है। इसलिए प्रधानमंत्री बना दो ताकि स्वर्ग में भी जगह मिल जाए।

INPUT-HINDUSTAN

डेली बिहार न्यूज फेसबुक ग्रुप को ज्वाइन करने के लिए लिंक पर क्लिक करें….DAILY BIHAR  आप हमे फ़ेसबुकट्विटरइंस्टाग्राम और WhattsupYOUTUBE पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *