नीतीश कुमार ने दिया बीजेपी को झटका, अपने उपस्थिति में BJP नेता को दिलाई JDU की सदस्यता

डेस्क: जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की उपस्थिति में रविवार झारखंड के चार नेताओं ने जदयू की सदस्यता ग्रहण की। ख़ास बात ये रही कि उन नताओं में बिहार में उनके सहयोगी बीजेपी के एक नेता भी शामिल रहे।

जदयू के दामन थामने वाले नेताओं में झारखंड प्रदेश भाजपा के पूर्व प्रदेश मंत्री सह प्रवक्ता प्रेम कटारूका, जेएमएम जरमुंडी विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी अरूण मंडल, जेवीएम के मनोज यादव और जेएमएम के प्रभात कुमार प्रभाकर शामिल हैं। इस अवसर पर झारखंड प्रभारी अरूण कुमार सिंह, झारखंड के वरिष्ठ नेता सुशील कुमार सिंह, पूर्व विधान पार्षद प्रवीण सिंह, रामाशीष कुमार एवं संजय कुमार सिंह ‘गांधी जी’ उपस्थित थे।

नीतीश कुमार की उपस्थिति में झारखंड के चार नेता जदयू में हुए शामिल

वहीं, इस मौके पर झारखंड जदयू के वरिष्ठ नेता सुशील कुमार सिंह एवं पूर्व विधान पार्षद प्रवीण सिंह ने संयुक्त रूप से कहा कि प्रेम कटारूका, अरूण मंडल, मनोज यादव एवं प्रभात कुमार प्रभाकर के जदयू में शामिल होने से झारखंड प्रदेश में पार्टी को मजबूती मिलेगी और आने वाले दिनों में प्रदेश में जदयू का परचम लहरायेगा।

झारखंड जदयू के नए अध्यक्ष सालखन मुर्मू ने झारखंड विधानसभा चुनाव अकेले लड़ने का ऐलान कर चुके हैं। जमशेदपुर में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में प्रदेश जदयू के अध्यक्ष सालखन मुर्मू ने दावा किया था कि सभी 81 विधानसभा सीटों पार्टी इस बार अकेले चुनाव लड़ने वाली है। मुर्मू ने कहा था कि जदयू न सिर्फ अकेले चुनाव लड़ेगी बल्कि जीत हासिल कर अपने दम पर सरकार भी बनाएगी।

बता दें कि नीतीश कुमार ने बिहार में पिछले महीने अपने मंत्रिमंडल का विस्तार किया था जिसमें भाजपा के किसी नेता को शामिल नहीं किया था। यह विस्तार केंद्रीय मंत्रिमंडल के विस्तार के ठीकबाद किया था। केंद्रीय कैबिनेट में जदयू शामिल नहीं हुई थी। भाजपा ने जदयू को एक मंत्री पद की पेशकश की थी, जिससे नीतीश कुमार नाराज़ बताए जा रहे थे।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *