बिना हेलमेट बाइक चलाते धराईं परिवहन मंत्री की बेटी, सड़क पर बैठीं

बिना हेलमेट बाइक चलाते धराईं परिवहन मंत्री की बेटी, सड़क पर बैठीं

झारखंड के जमशेदपुर में बिना हेलमेट बाइक चलाते राज्य के परिवहन मंत्री चम्पाई सोरेन की बेटी दुखनी सोरेन को ट्रैफिक पुलिस ने बुधवार को पकड़ लिया। दुखनी गलती कबूल करने की बजाय साकची गोलचक्कर पर धरने पर बैठ गईं। साथ ही, एसआई अमित नायक पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए उल्टे कार्रवाई की मांग भी करने लगीं। हालांकि बाद में समझाने पर वह मान गई। फिर बगैर हेलमेट पहने चालक के साथ बाइक के पीछे बैठकर वापस चली गईं।

घटना साकची गोलचक्कर में सुबह नौ बजे की है। दोपहिया वाहन की चेकिंग हो रही थी। ट्रैफिक दारोगा चलान काट रहे थे। इसी दरम्यान दुखनी सोरेन यातायात की अनदेखी कर बाइक से किसी व्यक्ति के साथ कहीं जा रही थी। चालक हेलमेट नहीं पहना था। दुखनी सोरेन को पुलिस वालों ने रोका। बाइक चला रहे व्यक्ति से चालान कटाने के लिए वाहन के कागजात मांगे। इतना कहते ही दुखनी सोरेन आग बबूला हो गईं, रौबीला अंदाज में कहा आप जानते हैं मैं कौन हूं? दारोगा ने कहा कि कोई भी हों चालान कटेगा।

दुखनी ने कहा कि वह परिवहन मंत्री चम्पई सोरेन की बेटी है। इसपर दारोगा ने कहा कि यदि आप बेटी हैं तो किसी से बात कराइए। इस तरह से कोई किसी मंत्री, विधायक की बेटी बनकर बिना फाइन दिए चले जाएगा। पहले आप प्रमाण दिखाइए कि आप किनकी बेटी हैं। इसे लेकर काफी देर तक बहस होने के बाद दुखनी सोरेन सड़क के बीचोंबीच बैठ गई। इस बीच उसने फोन से अपने पिता से दारोगा से बात कराई। बात होने के बाद दारोगा चेकिंग कक्ष में जाकर बैठ गए। दुखनी सोरेन बीच सड़क पर बीस मिनट तक बैठी रहीं। इस दौरान कई लोग आ गए। थोड़ी देर में एक झामुमो नेता पहुंचे और दुखनी को धरना से उठने को कहा तो वह उठकर उसी बाइक पर बैठकर चली गईं।

मेरे साथ दारोगा नायक ने दुर्व्यवहार किया है। हां, हेलमेट नहीं था तो चलान काटना था। दुर्व्यवहार क्यों किया गया। किसी भी स्थिति में नायक के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। सड़क पर बैठकर मैंने कोई यातयात बाधित नहीं की। हमारा राज होते हुए भी जब हमारे साथ ऐसा हो रहा है तो आम लोगों के साथ क्या होता होगा।-दुखनी सोरेन, परिवहन मंत्री की बेटी

मैंने दुर्व्यवहार नहीं किया। बिना हेलमेट बाइक चलाते पकड़े जाने पर उनसे चालान कटवाने को कहा। सभी लोग यहां थे। कागजात मांगने पर वह बोलीं कि वे परिवहन मंत्री चम्पई सोरेन की बेटी हैं। इस पर मैंने कहा कि कोई भी कहेगा तो क्यों मानूंगा, जब तक किसी से बात नहीं करायी जाए। बस इतनी सी बात थी।- अमित नायक, दारोगा, साकची ट्रैफिक थाना

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *