अभी-अभी: पंजाब में कांग्रेस को लगा बड़ा झटका, नवजोत सिंह सिद्धू ने मंत्री पद से दिया इस्तीफा
PATNA: पंजाब कैबिनेट में फेरबदल में महत्वपूर्ण विभाग छिनने के बाद नवजोत सिंह सिद्धू ने महीने भर बाद कांग्रेस को करारा झटका दिया है। उन्होंने अपने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। जी हां रविवार को ट्वीट कर पंजाब के मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू ने अपने पद से इस्तीफा दिया। नवजोत सिंह सिद्धू ने अपना इस्तीफा कांग्रेस अध्यक्ष को भेजा है। सिद्धू ने अपना इस्तीफा 10 जून को ही दे दिया था लेकिन इसका खुलासा आज किया है। सिद्धू ने एक ट्वीट कर कहा कि वे अपना इस्तीफा पंजाब के मुख्यमंत्री को भेज रहे हैं।
बता दें कि उन्होंने अपने नए मंत्रालय का कार्यभार भी नहीं संभाला था। पंजाब में मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह और नवजोत सिद्धू के बीच अर्से से खटपट की खबरें थीं। सीएम ने 6 जून को सिद्धू से स्थानीय प्रशासन और पर्यटन तथा संस्कृति विभागों का प्रभार छीन लिया था और उन्हें बिजली और नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय का कार्यभार सौंपा था। लोकसभा चुनाव में पंजाब में कांग्रेस को अच्छी संख्या में सीटें न मिलने का ठीकरा अमरिंदर सिंह ने सिद्धू पर फोड़ा था।
Congress leader Navjot Singh Sidhu tweets copy of his resignation letter, states, "My letter to the Congress President Shri. Rahul Gandhi Ji, submitted on 10 June 2019." pic.twitter.com/ZImtxPrsXj
— ANI (@ANI) July 14, 2019
मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह से खफा नवजोत सिंह सिद्धू ने तत्कालीन पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी से भी मुलाकात की थी। मुख्यमंत्री ने सिद्धू का विभाग बदल दिया था, मगर उन्होंने अपना कार्यभार ग्रहण नहीं किया और राहुल गांधी व प्रियंका गांधी से मुलाकात की थी। सिद्धू ने ट्वीट किया, “कांग्रेस अध्यक्ष से मिला। उन्हें अपना पत्र सौंपा, हालात से अवगत कराया।” उन्होंने ट्वीट के साथ एक तस्वीर भी पोस्ट की थी, जिसमें वे राहुल गांधी, प्रियंका वाड्रा गांधी और अहमद पटेल के साथ खड़े दिखे।
यह बात अहम है कि सिद्धू ने अपना इस्तीफा कांग्रेस अध्यक्ष को भेजा है जबकि इस्तीफा राज्यपाल को भेजना होता है। ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि उनका इस्तीफा मंजूर होता है या नहीं और वे मंत्रिमंडल में बने रहते हैं या नहीं।