29 सितंबर से नवरात्रा शुरू, 8 अक्टूबर को होगा रावण दहन

शारदीय नवरात्रि 2019 की शुरुआत 29 सितंबर से होगी। हिंदू धर्म में नवरात्रि के दिनों का खास महत्व होता है। 9 दिनों तक चलने वाले इस त्यौहार में देवी के अलग-अलग नौ स्वरूपों की अराधना की जाती है। पूरे उत्तर भारत में इस त्योहार को धूम धाम से मनाया जाता है। नवरात्र के पहले दिन कलश स्थापना की जाती है। साथ ही कई भक्त इन दिनों उपवास रखते हैं और कन्या पूजन के पश्चात उपवास खोला जाता है। साल 2019 में शारदीय नवरात्र का महापर्व 29 सितंबर से शुरू होकर 7 अक्टूबर तक रहेगा। 8 अक्टूबर को शारदीय नवरात्रि के दसवें दिन दशहरा का महापर्व मनाया जायेगा। जानें शारदीय नवरात्र 2019 की सारी तिथियां…

1. नवरात्रि दिन 1 (प्रतिपदा), 29 सितंबर 2019 (रविवार) – घटस्थापना (कलश स्थापना), मां शैलपुत्री की पूजा। 2. नवरात्रि दिन 2 (द्वितीया), 30 सितंबर 2019 (सोमवार) – नवरात्रि के दूसरे दिन मां ब्रह्मचारिणी की पूजा होगी। 3. नवरात्रि दिन 3 (तृतीया), 1 अक्टूबर 2019, (मंगलवार) – नवरात्रि के तीसरे दिन मां चंद्रघंटा की पूजा होगी।

4. नवरात्रि दिन 4 (चतुर्थी), 2 अक्टूबर 2019 (बुधवार) – नवरात्रि के चौथे दिन मां कूष्मांडा की पूजा। 5. नवरात्रि दिन 5 (पंचमी), 3 अक्टूबर 2019 (गुरुवार) – नवरात्रि के पांचवें दिन मां स्कंदमाता की पूजा। 6. नवरात्रि दिन 6 (षष्ठी‌), 4 अक्टूबर 2019 (शुक्रवार) – नवरात्रि के छठवें दिन मां कात्यायनी की पूजा।

7. नवरात्रि दिन 7 (सप्तमी), 5 अक्टूबर 2019 (शनिवार) – नवरात्रि के सातवें दिन मां कालरात्रि की पूजा। 8. नवरात्रि दिन 8 (अष्टमी), 6 अक्टूबर 2019 (रविवार) – नवरात्रि के आठवें दिन मां महागौरी, दुर्गा महा अष्टमी पूजा। 9. नवरात्रि दिन 9 (नवमी), 7 अक्टूबर 2019 (सोमवार) – नवमें दिन मां सिद्धिदात्री की आयुध पूजा, नवमी हवन, नवरात्रि पारण आदि कार्य संपन्न होगा। घट विसर्जन भी इसी दिन किया जा सकता है।

10. नवरात्रि दिन 10 (दशमी), 8 अक्टूबर 2019 (मंगलवार) – शारदीय नवरात्रि के दसवें दिन दशमी तिथि को माँ दुर्गा की विदाई एवं अस्थाई रूप से स्थापित मूर्ति विसर्जन होगा। इसी दिन दशहरा का महापर्व यानी विजयदशमी है।

वैसे तो साल में चार नवरात्रि आती हैं, जिनमें से दो मुख्य रूप से और दो गुप्त रूप से मनाई जाती है। चारों नवरात्रियों में शारदीय आश्विन नवरात्रि का सबसे ज्यादा महत्व माना जाता है। शरद ऋतु की इस आश्विन नवरात्रि को माँ दुर्गा की असुरों पर विजय पर्व के रूप में मनाया जाता है, इसलिए नौ दिनों तक माँ दुर्गा के विभिन्न नौ स्वरुपों की पूजा की जाती है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *