एयर मार्शल ने राफेल में भरी उड़ान, कहा-राफेल-सुखोई की जोड़ी से खौफ खाएगा पाकिस्तान

डेस्क: भारतीय वायुसेना और फ्रांस एयरफोर्स के फाइटर विमान के बीच फ्रांस में बड़ा युद्धाभ्यास चल रहा है। फ्रांस के Mont De Marsan एयरबेस में चल रहे इस संयुक्त इंडो-फ्रेंच युद्ध अभ्यास में मिराज 2000, सुखोई 30 एमकेआई, अल्फा जेट विमान शामिल हैं। लेकिन जो विमान सबसे ज्यादा चर्चा में है, उसका नाम है राफेल। जो जल्द ही भारतीय वायुसेना में शामिल होने वाला है।

इस दौरान भारतीय वायुसेना के वाइस चीफ एयर मार्शल राकेश कुमार सिंह भदौरिया ने गुरुवार को लड़ाकू विमान राफेल में उड़ान भरी। उड़ान के बाद एयर मार्शल भदौरिया ने कहा कि राफेल विमान भारत के लिए रणनीतिक तौर पर बेहद अहम साबित होगा। उन्होंने कहा कि एक बार इस विमान के वायुसेना में शामिल होते ही राफेल और सुखोई की जोड़ी किसी तनाव के समय दुश्मन को परेशान करने के लिए काफी होगी। उन्होंने आगे कहा कि एक बार ये दोनों फाइटर जेट एक साथ ऑपरेट करना शुरू कर दें, उसके बाद पाकिस्तान 27 फरवरी जैसी हरकत दोबारा नहीं कर पाएगा। ये दोनों विमान मिलकर पाकिस्तान का काफी नुकसान करने में सक्षम हैं।

उन्होंने आगे कहा, ‘राफेल में जिस तरह की तकनीक और हथियारों का इस्तेमाल किया गया है, वे भारत के लिए प्लानिंग के नजरिए से एक गेम चेंजर साबित होंगे। हम जिस तरह के आक्रामक मिशनों और आने वाले समय में युद्ध के लिए प्लानिंग करना चाहते हैं, उसके हिसाब से ये तकनीक और हथियार बिल्कुल उपयुक्त हैं।’ बता दें कि एयर मार्शल आरकेएस भदौरिया राफेल लड़ाकू विमान खरीद टीम के चेयरमैन रहे हैं।

राफेल विमान को लेकर राजनीतिक विवाद के बीच भारत ने 58,000 करोड़ रुपये की लागत से 36 राफेल जेट खरीदने के लिए फ्रांस के साथ समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। पहला राफेल विमान इसी साल सितंबर में भारत आने की उम्मीद है।

बता दें इससे पहले कांग्रेस शासन ने भी फ्रांस से राफेल विमान को लेकर एक डील की थी, लेकिन उस डील को रद्द करके यह नई डील की गई है। हालांकि कांग्रेस इस डील को महंगा बताते हुए बीजेपी पर लगातार हमले करती रही है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *