कहीं के नहीं रहे गुप्तेश्वर पांडेय, बक्सर की सीट भाजपा के खाते में गई

पूर्व डीजीपी गुप्तेश्वर पांडे चुनाव से पहले ही चुनाव हार गये लगते हैं। बक्सर सीट से उनकी दावेदारी खत्म हो गयी है। बीजेपी-जेडीयू के बीच तालमेल में बक्सर की सीट बीजेपी के खाते में गयी है। लिहाजा जेडीयू के टिकट पर बक्सर से चुनाव लड़ने का उनका सपना टूट गया है।पूर्व डीजी के लिए हालांकि बिहार विधानसभा चुनाव का दंगल अभी बंद नहीं हुआ है। वह खुला हुआ है।

उनकी कोशिशें भी जारी हैं। बक्सर की दूसरी लड़ाई लड़ने का ख्वाब संजो रहे पूर्व डीजी अपने लिए दूसरा विकल्प बेगूसराय रखे हुए हैं। जी हां, बेगूसराय। दानवीर कर्ण के अंग प्रदेश का यह इलाका सवर्णों और खासकर भूमिहार ब्राह्मण का गढ़ है। गुप्तेश्वर पांडे की पहली पसंद बक्सर भी सवर्ण बहुल सीट रही थी।

बक्सर ब्राह्मण-भूमिहार बहुल इलाका है। ऐसा लगता है कि पूर्व डीजी पांडे से चूक हो गयी। अगर उनकी पसंद सवर्ण बहुल क्षेत्र थी तो उन्हें समझना चाहिए था कि आज बिहार में सवर्ण सियासत पर एकमुश्त अधिकार अगर किसी दल का है तो वह बीजेपी है। ऐसे में उनकी पसंद बीजेपी होनी चाहिए थी। मगर, उन्होंने जेडीयू को अपनी पसंद बनाया।जेडीयू के लिए मुश्किल ये है कि बेगूसराय में भी सवर्ण बहुल सीट बीजेपी शायद ही उसके लिए छोड़े।

ऐसे में गुप्तेश्वर पांडे के लिए दूसरा विकल्प भी असर दिखाएगा, ऐसा नहीं लगता।गुप्तेश्वर पांडे ने डीजी रहते विधानसभा चुनाव लड़ने की तैयारी शुरू कर दी थी। सुशांत की आत्महत्या के मामले को उन्होंने बिहार की अस्मिता के साथ जोड़ते हुए सुशांत के पिता को न्याय दिलाने के लिए कमर कस ली थी। पूरे दौर में वे डीजी की तरह कम और नेता की तरह अधिक नज़र आए थे। जिस तरह से टीवी चैनलों पर वे लगातार समय दे रहे थे ऐसा लगता ही नहीं था कि उनके पास पुलिस महकमे का कोई काम हो। पूरी तरह फुर्सत में नज़र आ रहे थे।वजह भी आगे चलकर साफ हुई। स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति के लिए गुप्तेश्वर पांडे ने अर्जी लगा रखी थी। इस बारे में बिहार के एक पोर्टल ने एक ख़बर अपने सूत्रों से प्रकाशित कर दी थी। तब पूर्व डीजी ने खूब हायतौबा मचायी थी। पोर्टल से खंडन छापने को कहा था। डीजी रहते ही गुप्तेश्वर पांडे तब भी चर्चा में आए थे जब उन्होंने रिया चक्रवर्ती की ओर से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से सवाल पूछे जाने पर कहा था कि रिया की औकात नहीं कि वह नीतीशजी से सवाल पूछ सके। यह चुनाव में उतरने से पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रति एकतरफा नतमस्तक होने का उदाहरण है।

स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति के बाद गुप्तेश्वर पांडे जेडीयू सुप्रीमो नीतीश कुमार से मिले और उनकी पार्टी ज्वाइन कर ली। जेडीयू ज्वाइन करने के बाद जब पत्रकारों ने चुनाव लड़ने को लेकर सवाल किया, तो उन्होंने उल्टे पूछा कि रिटायरमेंट के बाद चुनाव लड़ना क्या गुनाह है?

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *