बिहार पुलिस में 11880 पदों पर सिपाही की बहाली शुरू, 4 नवंबर तक कर सकेंगे ऑनलाइन आवेदन

बिहार पुलिस में सिपाही के 11880 पदों पर भर्तियां निकाली गई हैं। 5 अक्टूबर से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 4 नवंबर है। 12वीं पास अभ्यर्थी इन पदों के लिए आवेदन कर सकेंगे। केन्द्रीय चयन पर्षद के मुताबिक उम्मीदवार csbc.bih.nic.in पर जाकर पूरा नोटिफिकेशन देख सकते हैं। परीक्षा में इंटर स्तर के प्रश्न होंगे। दो घंटे की परीक्षा में कुल 100 प्रश्न होंगे जिसमें प्रत्येक सही उत्तर के लिए एक अंक दिए जाएंगे। लिखित परीक्षा केवल शारीरिक दक्षता के लिए क्वालिफाइंग होगी। चयनित अभ्यर्थियों को शारीरिक योग्यता परीक्षा में सफल होना अनिवार्य होगा।

एक लाख प्रारंभिक शिक्षकाें की भर्ती के लिए अावेदन की तारीख 9 नवंबर तक बढ़ी
राज्य के 71 हजार प्रारंभिक स्कूलों में एक लाख शिक्षकों के नियोजन के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 17 अक्टूबर से बढ़ा कर 9 नवंबर तक कर दिया गया है। मेधा सूची की तैयारी अब 20 नवंबर तक होगी। मेधा सूची का प्रकाशन 29 नवंबर, मेधा सूची पर आपत्ति 13 दिसंबर तक, आपत्ति का निराकरण 20 दिसंबर तक होगा। मेधा सूची का अंतिम प्रकाशन 21 दिसंबर तक, जिला द्वारा पंचायत एवं प्रखंड की मेधा सूची का अनुमोदन 11 जनवरी तक होगा। अनुमोदित मेधा सूची 16 जनवरी तक सार्वजनिक होगी। चयन सूची का निर्माण 20 से 25 जनवरी तक, नियोजन पत्र 29 से बंटेगा।

नियोजित माध्यमिक शिक्षक सात वर्ष की सेवा के बाद ही ले सकेंगे अध्ययन अवकाश
नियोजित माध्यमिक शिक्षक और पुस्तकालयाध्यक्ष अब नियोजन की तिथि से 7 वर्ष की सेवा पूरा करने के बाद ही 3 साल तक का अवैतनिक अध्ययन अवकाश ले सकेंगे। शिक्षा विभाग ने शुक्रवार को यह आदेश जारी किया। पहले 2 साल तक का अवैतनिक अवकाश का प्रावधान था, लेकिन यह शर्त नहीं थी। माध्यमिक शिक्षक (नियोजन व सेवाशर्त) नियमावली 2006 के नियमानुसार अध्ययन अवकाश नियोजन के कितने वर्ष के बाद लिया जा सकता है, यह स्पष्ट नहीं था। प्राथमिक व मध्य विद्यालय के नियोजित शिक्षकों के लिए इसका प्रावधान नहीं है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *