BJP-JDU दोस्ती-लड़ाई दोनों साथ-साथ, JDU से टकरा रहे गिरिराज, मोदी गढ़ रहे नीतीश के कसीदे

BJP-JDU दोस्ती-लड़ाई दोनों साथ-साथ, JDU से टकरा रहे गिरिराज, मोदी गढ़ रहे नीतीश के कसीदे

एनडीए खासकर भाजपा की राजनीति, रविवार को दिलचस्प रंग में दिखी। दोस्ती, लड़ाई साथ-साथ। पटना के डूबने के मसले पर भाजपा और जदयू के नेता मजे का टकराए हुए हैं। मगर उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने आपदा से निपटने में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तारीफ की। उन्होंने ट्विट किया-‘जदयू का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को हार्दिक शुभकामनाएं। उन्होंने बिहार में न्याय के साथ विकास की राजनीति को नई ऊंचाई दी और आपदा की चुनौतियों को भी जनता की सेवा के अवसर में बदलने का हुनर साबित किया। नीतीश जी के दोबारा पार्टी के शीर्ष पद पर निर्विरोध चुने जाने से एनडीए मजबूत होगा।’ मोदी, नीतीश कुमार को बिहार एनडीए का कप्तान बता चुके हैं। उनको ‘पीएम मैटेरियल’ भी कहा था। रविवार को जुबानी लड़ाई की शुरूआत भाजपा नेता व केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने की। उन्होंने ट्वीट किया-‘दुर्गापूजा का मेला शुरू हो गया है। मैं बिहार एनडीए की तरफ से उन सनातनियों से क्षमा मांगता हूं, जहां पर बाढ़ के कारण पूजा, पंडाल और मेला का आयोजन नहीं हो पाया है।’ गिरिराज, विशेषकर पटना के डूबने के मसले पर फायरी रहे हैं।

इधर, प्रदेश जदयू के मुख्य प्रवक्ता संजय सिंह ने केंद्रीय मंत्री को तगड़ा जवाब दिया। कहा- गिरिराज सिंह अपना दायित्व नहीं समझ रहे। वह केंद्रीय पशुपालन मंत्री हैं। उन्हें इंसानों से पहले जानवरों की फिक्र करनी चाहिए। वह इंसानों की मदद के लिए कहीं भी जमीन पर नहीं दिखे। अगर उनको माफी मांगने का शौक है तो वह केंद्रीय मंत्री के तौर पर अपनी विफलता के लिए जनता से माफी मांगें। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के काम और छवि से ही भाजपा ने 2019 के लोकसभा चुनाव में बड़ी जीत हासिल की। नीतीश कुमार ने ही बिहार में भाजपा को सत्ता का स्वाद चखाया।

जल संसाधन मंत्री संजय झा ने गिरिराज का नाम लिए बिना कहा कि राज्य सरकार पर विफलता का आरोप लगाने की बजाय अगर वह गंगा के पानी में बिहार की हिस्सेदारी सुनिश्चित करने के लिए केंद्र सरकार से पैरोकारी करते तो इससे राज्य का भला होता। बिहार में बाढ़ की वजह गंगा के बहाव का रूक जाना है।

राबड़ी बोलीं- अब तो भाजपा भी कहने लगी अफसर जनप्रतिनिधियों की नहीं सुनते | पूर्व सीएम राबड़ी देवी ने कहा- हम कहते थे तो भरोसा नहीं होता था। अब तो भाजपा भी कहने लगी अफसर जनप्रतिनिधियों की नहीं सुनते। यह दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है। तेजस्वी यादव ने कहा- अबकी बाढ़ व भीषण जलजमाव में लोगों ने खुद को असहाय महसूस किया। सरकार की पोल खुली।

भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता सुरेश रूंगटा बोले- पटना के डूबने के जिम्मेदार अफसरों, कर्मियों पर कार्रवाई होनी ही चाहिए। इनके भ्रष्ट कारनामों ने पटना को डुबोया; अच्छे-खासे लोग तमाशा बन गए।’ प्रदेश भाजपा प्रवक्ता राजीव रंजन ने राहुल गांधी के हवाले नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के बारे में कहा-‘सिर्फ वंशवाद के कारण किसी व्यक्ति के हाथ में पार्टी की कमान देने का क्या अंजाम होता है, वह कांग्रेस-राजद, दोनों दलों में खुलेआम है। ये दोनों युवराज अक्सर लापता हो जाते हैं।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *