बिहार के कई अभिनेता छठ में नहीं आ पाए घर, कोरोना काल में मुंबई में ही मनाएंगे महापर्व

PATNA : महापर्व छठ के मौके पर बिहारी कलाकारों को अपने परिवार के साथ नहीं होने का मलाल है। दरअसल, इस वर्ष कोई कोरोना संक्रमण के कारण मुंबई से गांव नहीं पहुंच पा रहा तो कोई फिल्म या वेब सीरीज की शूटिंग में व्यस्त है। इस कारण छठ पूजा मुंबई में ही रहकर करने का मन बनाया है। अभिनेता क्रांति प्रकाश झा बताते हैं, उनकी नानी छठ व्रत किया करती थीं और वह हर बार छठ में उनके पास जाते थे। वह कहते हैं, छठ में वो दीघा घाट पर भगवान भास्कर को अर्ध्‍य देने जाते थे तो वहां माइक पर होने वाला अनाउंसमेंट बहुत पसंद आता था, जैसे किसी वाक्य की अंतिम लाइन को जोर से बोलना। क्रांति बताते हैं, छठ के समय वह हमेशा कोशिश करते थे कि पटना आ जाएं और परिवार वालों के साथ पूजा का हिस्सा बनें, लेकिन इस बार काम के कारण छठ में आना नहीं हो पाया तो अब मुंबई में ही रहकर छठ की पुरानी यादों को ताजा करना है।

अभिनेता पंकज त्रिपाठी बताते हैं, इस बार उनकी भाभी रीता बहादुरपुर में छठ कर रही हैं, लेकिन कोरोना संक्रमण के कारण वह बिहार नहीं आ पा रहे हैं। पंकज बताते हैं, छठ से जुड़ी हुईं उनकी यादें जेहन में हैं। जैसे छठ के समय में वह दउरा लेकर घाट पर पूजा करने जाते थे। पूजा में चढ़ाने वाले फल-फूल अपने खेत से लाते थे। अपने खेत में ईख बस इसीलिए लगाते थे कि छठ के समय में उसे व्रतियों के बीच बांट सकें। इस वर्ष मुंबई में रहकर बिहार की छठ पूजा को बहुत मिस करेंगे। अभिनेता राजेश कुमार बताते हैं, इस वर्ष उनकी व्यस्तता कुछ अधिक है। इसी कारण वह छठ का अनुष्ठान नहीं कर पा रहे हैं। राजेश ने 2019 में ही छठ व्रत शुरू किया था। उनके अनुसार पिछली बार उन्होंने बड़े उत्साह के साथ व्रत को पूरा किया था, लेकिन इस बार काम के कारण पूजा करने घर नहीं जा पा रहे हैं। वह बताते हैं, वो इस बार छठ को बहुत मिस करने वाले हैं। पहले तो सिर्फ छठ घर-परिवार में होते देखा करते थे, लेकिन पिछले साल खुद करके अब छठ के महत्व को महसूस करने लगा हूं।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *