‘निमकी मुखिया’ के तेतर सिंह को पटना पुलिस ने किया गिरफ्तार

पहली पत्नी के रहते दूसरी महिला से शादी करने के आरोप में निमकी मुखिया धारावाहिक के अभिनेता विजय कुमार को पटना के महिला थाने की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार को नौबतपुर से विजय कुमार को गिरफ्तार किया गया है। विजय कुमार निमकी मुखिया धारावाहिक में तेतर सिंह की भूमिका निभा चुके हैं।

पुलिस को सूचना मिली थी कि विजय कुमार नौबतपुर में अपनी नाटक मंडली के साथ नाटक कर रहे हैं। सूचना के आधार पर महिला थाना के दारोगा ब्रजेश कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को देखते ही आरोपित विजय कुमार भागने लगे थे। महिला थाना में विजय कुमार से पूछताछ की जा रही है। विजय कुमार पर दहेज उत्पीड़न और पत्नी के रहते दूसरी शादी करने का आरोप है।

साल 2020 में उनकी पहली पत्नी ने महिला थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद विजय कुमार फरार चल रहे थे। पिछले साल कालिदास रंगालय में एक कार्यक्रम के दौरान उनकी पहली पत्नी ने विजय कुमार की गिरफ्तारी की मांग तत्कालीन डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय से की थी।

विजय कुमार के बेटे ने बताया कि उनके पिता ने मां के साथ बहुत ज्यादती की है। यही नहीं वे नौबतपुर की पूरी जायदाद बेचने की योजना बना रहे थे। खर्च तक नहीं देते थे। उनकी मां ने ट्यूशन पढ़ाकर दोनों भाइयों की परवरिश की है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *