नीतीश कुमार लगातार दूसरी बार बने JDU के राष्ट्रीय अध्यक्ष, क्या फिर बन पाएंगे बिहार के CM

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार लगातार दूसरी बार निर्विरोध जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित घोषित कर दिये गए। रविवार को उनके निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा पार्टी के केन्द्रीय कार्यालय में राष्ट्रीय चुनाव पदाधिकारी अनिल हेगड़े ने की।

गत 4 अक्टूबर को नीतीश कुमार की ओर से उनके प्रतिनिधि संजय गांधी ने नामांकन दाखिल किया था। किसी और ने इस पद के लिए नामांकन नहीं किया। 6 अक्टूबर को 3 बजे तक नाम वापसी का समय निर्धारित था। समय सीमा समाप्त होते ही जदयू के नई दिल्ली स्थित 7, जंतर-मंतर स्थित केन्द्रीय कार्यालय में राष्ट्रीय चुनाव अधिकारी अनिल हेगड़े ने राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर नीतीश कुमार के निर्विरोध चुने जाने का एलान कर दिया।

श्री हेगड़े ने नीतीश कुमार के अध्यक्ष निर्वाचित होने का प्रमाण पत्र भी जारी कर दिया, जिसे उनके प्रतिनिधि व बिहार विधान परिषद में पार्टी के मुख्य सचेतक संजय गांधी ने प्राप्त किया। इस मौके पर जदयू महासचिव व बिहार के जल संसाधन मंत्री संजय झा, महासचिव आफाक अहमद, सचिव राज सिंह मान, दिल्ली जदयू के अध्यक्ष दयानंद राय समेत अन्य पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। उन्होंने नीतीश कुमार के दूसरे कार्यकाल में जदयू के और मजबूत होने की उम्मीद जतायी। विदित हो कि शरद यादव का कार्यकाल समाप्त होने के बाद वर्ष 2016 में पहली बार नीतीश कुमार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित हुए थे। इस पद पर उनके दोबारे निर्वाचन की विधिवत घोषणा 30 अक्टूबर को राष्ट्रीय परिषद की बैठक में होगी। उनका दूसरा कार्यकाल 2022 तक का होगा। जदयू के राष्ट्रीय महासचिव आफाक अहमद के मुताबिक 30 अक्टूबर को दिल्ली के रफीगंज मार्ग स्थित मावलंकर हॉल में पार्टी की राष्ट्रीय परिषद की बैठक होगी।

सीएम को मोदी ने दी बधाई पटना। उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को जदयू का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने पर बधाई दी है। ट्वीट कर कहा कि एनडीए के सहयोगी दल जनता दल-यू का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को हार्दिक शुभकामनाएं। कहा कि बिहार में न्याय के साथ विकास की राजनीति को नई ऊंचाई दी और आपदा की चुनौतियों को भी जनता की सेवा के अवसर में बदलने का हुनर साबित किया। नीतीश कुमार के दोबारा निर्विरोध चुने जाने से एनडीए मजबूत होगा। नीतीश कुमार को बधाई पटना। जदयू महासचिव डा. नवीन कुमार आर्य व अनिल कुमार ने जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर निर्विरोध चुने जाने के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को बधाई दी है। पार्टी महासचिव डा. सुहेली मेहता ने उन्हें बधाई देते हुए उम्मीद जतायी कि उनके दूसरे कार्यकाल में जदयू और बुलंदियों को छुएगा।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *