वसिष्ठ बाबू के निधन पर PM मोदी ने जताया शोक, कहा-देश ने खो दिया विलक्षण प्रतिभा
महान गणितज्ञ वशिष्ठ नारायण सिंह के निधन पर पीएम नरेंद्र मोदी सीएम नीतीश कुमार सहित पक्ष-विपक्ष के अनेक नेताओं ने शोक व्यक्त किया है। किसने क्या कहा आइए डालते हैं नजर। …
देश के महान गणितज्ञ व आइंस्टाइन के सिद्धांत को चुनौती देने वाले वशिष्ठ नारायण सिंह का गुरुवार की सुबह पटना के पटना मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में निधन हो गया। वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उनके निधन पर शोक-संवेदनाओं का तांता लगा हुआ है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शोक प्रकट किया। वहीं कवि कुमार विश्वास ने उनके निधन के बाद पटना मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में हुई घटना को ले सिस्टम पर कड़े सवाल खड़े किए हैं।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने दी श्रद्धांजलि : राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने ट्वीट कर शोक प्रकट किया है। उन्होंने अपनी संवेदनाएं जतायी है। उन्होंने ट्वीट कर कहा है- ‘डॉ वशिष्ठ नारायण सिंह के निधन के बारे में सुनकर दुख हुआ। वे एक प्रख्यात गणितज्ञ थे। उनके परिवार व सहयोगियों के प्रति मेरी शोक-संवेदनाएं।’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने शोक संदेश में कहा कि गणितज्ञ डॉ. वशिष्ठ नारायण सिंह जी के निधन के समाचार से अत्यंत दुख हुआ। उनके जाने से देश ने ज्ञान-विज्ञान के क्षेत्र में अपनी एक विलक्षण प्रतिभा को खो दिया है। विनम्र श्रद्धांजलि!
वहीं अपने शोक संदेश में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि उन्होंने बिहार का नाम रोशन किया। उनके निधन पर बिहार में सियायत भी गरमा गई है। उन्होंने कहा कि वशिष्ठ नारायण सिंह बिहार के प्रति निष्ठावान व्यक्ति थे। इतना ही नहीं, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार वशिष्ठ बाबू के पटना स्थित आवास पर भी मिलने गए। उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार में मंत्री व बिहार के बेगूसराय से भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) सांसद गिरिराज सिंह ने वशिष्ठ नारायण सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा है कि हमने एक मणि खो दिया है। प्रभु उनकी आत्मा को शांति दें। उक अन्य ट्वीट में उन्होंने कहा कि इस महान विभूति का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार होगा।