RJD ने दिया नीतीश कुमार को साथ आने का न्योता, कहा- ‘BJP को हराने के लिए महागठबंधन में आएं CM
राजद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डाॅ. रघुवंश प्रसाद सिंह ने फिर कहा कि भाजपा को पछाड़ने के लिए अगर नीतीश कुमार महागठबंधन के साथ आएं तो उनका स्वागत है। भाजपा के बढ़ते प्रभाव को रोकने के लिए उन्होंने एक कदम आगे बढ़ते हुए सलाह दी कि सीपीआई-एमएल समेत अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रीय पार्टियों को एक साथ मिल जाना चाहिए।
सबको एक साथ एनडीए को उखाड़ फेंकने के लिए महत्वाकांक्षा छोड़ मजबूत लड़ाई लड़नी होगी। उन्होंने कहा कि राज्य में 5 सीटों पर हो रहे उपचुनाव में कौन कितने सीटों पर लड़ेगा, इसका फैसला महागठबंधन की बैठक में किया जाएगा। उन्होंने कहा- जीतनराम मांझी तो हमेशा कुछ न कुछ बोलते रहते हैं। उनकी बातों को गंभीरता से नहीं लेना चाहिए।
इसके पहले उनके समकक्ष राजद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवानंद तिवारी भी नीतीश कुमार को न्योता दे चुके हैं। उन्होंने कहा था- नीतीश जी को सोचना चाहिए कि भाजपा के साथ रहकर उन्हें क्या मिला और क्या खोया है।