जानें कौन हैं अरुण कुमार सिंह, जो होंगे बिहार सरकार के नए मुख्य सचिव

Desk: बिहार को नया मुख्‍य सचिव (Chief Secretary) मिल गया है। कई बड़े नामों के बीच अरुण कुमार सिंह (Arun Kumar Singh) ने बाजी मारी है। वे अब बिहार सरकार के नए मुख्‍य सचिव होंगे। अभी वे विकास आयुक्‍त (Development Officer) हैं। वर्तमान मुख्य सचिव दीपक कुमार आज रविवार यानी 28 फरवरी को अवकाश ग्रहण कर रहे। वहीं गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव आमिर सुबहानी को अरुण कुमार सिंह की जगह विकास आयुक्त पद का जिम्मा दिया गया है।

कौन हैं अरुण कुमार सिंह

अरुण कुमार सिंह 1985 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी हैं। वरीयता के लिहाज से वह शीर्ष पर थे। पश्चिम चंपारण के रहने वाले अरुण 31 अगस्त को इसी वर्ष रिटायर हो जाएंगे। वर्तमान में वह विकास आयुक्त के अतिरिक्त बिहार लोक प्रशासन एवं ग्रामीण विकास संस्थान के महानिदेशक के अतिरिक्त प्रभार में भी हैं। उन्होंने मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है। विकास आयुक्त पद पर पदस्थापना के पहले अरुण कुमार सिंह जल संसाधन विभाग के प्रधान सचिव थे। जल संसाधन विभाग में वह लंबी अवधि तक काम कर चुके हैं। इसके अतिरिक्त पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव के रूप में भी उन्होंने काम किया है। सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव का भी कामकाज देख चुके हैं।

आमिर सुबहानी 1987 बैच के आइएएस

वहीं आमिर सुबहानी जो वर्तमान में गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव हैं, उन्‍हें अब विकास आयुक्त का जिम्मा दिया गया है। वे सिवान जिला के रहने वाले हैं। सांख्यिकी से पोस्ट ग्रेजुएट किए आमिर सुबहानी 1987 बैच के अधिकारी हैं। वह 2024 में तीस अप्रैल को अवकाश ग्रहण करेंगे।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *