बिहार में बाढ़ का तांडव, मधुबनी में देखते ही देखते बह गई मस्जिद..डूबते बिहार की खौफनाक तस्वीर

PATNA: डूबते बिहार से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है जिसे देखकर आप भी दहल उठेंगे। ये तस्वीर मधुबनी की है। जहां बारिश का कहर इस कदर है कि देखते ही देखते मस्जिद तक बह गई। वहीं मुजफ्फरपुर जिले के कई स्कूल बाढ़ के पानी डूब गए। पानी में डूब रहे घर, स्कूल, मस्जिद की तस्वीर देख लोग डरे-सहमें हैं। 

दरअसल, लगातार हो रही बारिश से बिहार की प्रमुख नदियों का जलस्तर बढ़ने से  कई इलाकों में बाढ़ आ गई। बाढ़ का तांडव अब भी जारी है। इस बीच मधुबनी में एक मस्जिद के बाढ़ में बहने की खबर सामने आई है। मधुबनी जिले के दौलतपुर गांव में बाढ़ के पानी के कारण मिट्टी का कटाव हुआ और मस्जिद बह गई। गांव के लोगों ने अपने मोबाइल में डूबती मस्जिद का वीडियो बनाया।

बाढ़ में डूबते स्कूल को देखते हुए जिला प्रशासन ने एक अनूठा कदम उठाया। बच्चों की पढ़ाई बाधित न हो, इसके लिए राहत शिविर में रह रहे लोगों के बच्चों के लिए सड़क पर ही क्लास लगवा दी। मुजफ्फरपुर जिले के मीनापुर और कांटी इलाके के कई गांव पानी में डूब चुके हैं। कई लोग अपना घर छोड़कर नेशनल हाई-वे 77 पर ही शरण लिए हुए हैं।

बिहार में पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य में बाढ़ से 14 लोगों की मौ’त हो गई, जिससे बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 90 के पार पहुंच गई है। बाढ़ के कारण हजारों लोग बेघर हो गए हैं और घरों और खेतों में पानी भरा गया है।

बिहार के जल संसाधन मंत्री संजय झा ने दरभंगा के परिसदन में जिले के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की और कई निर्देश दिए। मंत्री ने अधिकारियों को तटबंधों की निगरानी का निर्देश भी दिया। उन्होंने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पानी कम होने के बाद टूटी सड़कों की मरम्मत में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि क्षतिग्रस्त हुए बांधों की जल्द मरम्मत करवाई जाएगी।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *